
इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने इसी महीने अपने फैंस को चोरी छुपे शादी कर जोरदार झटका दिया। 11 दिसंबर को इटली में शादी करने के बाद 21 दिसंबर को दिल्ली के ताज में ग्रांड रिसेप्शन देने के बाद आज मुंबई में एक और ग्रांड पार्टी देने जा रहे हैं। उनकी इस पर्टी में परिवार सहित बॉलीवुड के तमाम जगमगाते सितारे नजर आएंगे। इसके साथ ही टीम इंडिया के कई बड़े चहरों के मौजूद होने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

दिल्ली के ताज डिप्लोमेटिक इंक्लेव के बाद अब मुंबई के लोअर परेल का 'द सेंट रेजिस' होटल इन दोनों की रिसेप्शन पार्टी होस्ट करने के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुका है। आपको बता दें कि ये फाइव स्टार होटल मुंबई के पॉश इलाके में है।

'विरुष्का' की इस रिसेप्शन पार्टी की खुशी में बॉलीवुड के तमाम बड़े चहरे जैसे शाहरुख, सलमान, आमिर आदि के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। रिसेप्शन होटल की नौवीं मंजिल पर एस्टर बॉलरूम में होगा, जिसमें 300 मेहमानों के बैठने की क्षमता है। 3,906 स्क्वायर मीटर में बने इस होटल का टावर भारत का सबसे ऊंचा टावर है।

इनके मुंबई रिसेप्शन पार्टी का कार्ड भी बहुत अलग और खूबसूरत है। इससे पहले दिल्ली रिसेप्शन कार्ड को इको फ्रेंडली बनवाया गया था। मुंबई रिसेप्शन पार्टी रात आठ बजे से शुरू होगी। विराट की टीम के कई लोग दिल्ली पार्टी में शामिल नहीं हो पाए थे। मुंबई रिसेप्शन में रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धौनी से लेकर हेड कोच रवि शास्त्री तक सब शामिल होंगे।

इस लग्जरी होटल में 395 कमरे हैं, जिसमें 27 सूट्स और 39 रेजिडेंशियल सूट्स हैं। कमरों से समुद्र का नजारा देखते बनता है। अगर होटल के खाने की बात की जाए तो यहां भारत के लोकल फूड से लेकर जापानी, एशियन और यूरोपियन सभी प्रकार के क्यूजिन मिलते हैं।

विराट के करीबी दोस्त टीम इंडिया के क्रिकेटर हरभजन सिंह इस वक्त भारत में नही हैं। वह अपने परिवार के साथ यूके में छुट्टियां बिता रहे हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि वो इस पार्टी में शरीक नहीं हो पाएंगे। वहीं विराट के आईपीएल के साथी खिलाड़ी और अच्छे दोस्त एबी डिविलियर्स भी रिसेप्शन पार्टी का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। डिविलियर्स को जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच खेलना है।