
फिल्म इंडस्ट्री में 'चांदनी' नाम से मशहूर बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी लाखों दिलों की धड़कन थीं। बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त, 1963 को मीनमपट्टी में हुआ था। उन्होंने बहुत छोटी सी उम्र में ही फिल्मी दुनिया में कदम रख दिया था। वह बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक थीं। उन्होंने अपनी लाजवाब एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। श्रीदेवी ने 1975 में फिल्म 'जूली' से अपने करियर की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी। यहीं नहीं, उन पर कई कलाकार मरते थे, लेकिन इसके बावजूद श्रीदेवी ने फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर को अपना जीवन साथी चुना, जो पहले से शादीशुदा थे। 2 जून, साल 1996 में श्रीदेवी ने बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी की थी। कहा जाता है कि बोनी कपूर, श्रीदेवी से एकतरफा प्यार करते थे। लेकिन जब बोनी कपूर ने श्रीदेवी को अपने दिल की बात बताई थी तो एक्ट्रेस बुरी तरह से भड़क गई थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने बोनी कपूर से करीब आठ महीनों तक बात भी नहीं की थी।
फिल्म निर्माता बोनी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने जानबूझकर मिस्टर इंडिया मूवी के लिए श्री को अप्रोच किया था. उस वक्त अभिनेत्री की मां ही मूवीज़ को लेकर सारी डीलिंग्स करती थीं। उन्होंने फिल्म के लिए 10 लाख मांगें। लेकिन मैंने कहा 11 लाख दूंगा। इसके बाद श्रीदेवी की मां बोनी को पसंद करने लगी थीं। एक बार श्रीदेवी और उनकी मां को बोनी कपूर और उनके दोस्तों के साथ डिनर पर जाना था। हालांकि, एक्ट्रेस को अकेले आना पड़ा क्योंकि उनकी मां की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। ऐसे में फिल्म निर्माता बोनी कपूर श्रीदेवी को घर तक छोड़ने आए और उन्होंने अपनी मोहब्बत का इजहार कर दिया। लेकिन उनका प्रपोजल श्रीदेवी को पसंद नहीं आया था। बोनी कपूर का प्रपोजल सुनकर श्रीदेवी भड़क गई थीं और रोते हुए गाड़ी से उतर गई थीं। इसके बाद श्रीदेवी ने बोनी से 8 महीने तक कोई बात नहीं की थी। पर बोनी कपूर पीछे नहीं हटे और वो लगातार श्रीदेवी को मनाने की कोशिश करते रहे। बोनी कपूर ने अपनी पत्नी मोना से भी इसके बारे में बात कर ली थी।
बता दें बोनी कपूर और श्रीदेवी की शादी 2 जून 1996 को हुई थी। वह शादी से पहले ही प्रेग्नेंट हो गई थीं। बोनी और श्रीदेवी की उम्र में लगभग 8 साल का अंतर था। इन दोनों की शादी मंदिर में साधारण तरीके से संपन्न हुई थी। बाद में 6 मार्च 1997 को पहली बेटी जाह्नवी कपूर और 5 नवंबर 2000 को दूसरी बेटी खुशी कपूर का जन्म हुआ था। फिलहाल, भले ही श्रीदेवी हम लोगों के बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी एक्टिंग को कभी कोई चाहकर भी भूल नहीं पाएगा।
Published on:
30 Jan 2022 08:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
