बदायूं. बदायूं (Badaun) में महिला इंस्पेक्टर (Women Inspector) ने एसएसओ को थप्पड़ जड़ दिया, जिसका खामिजाया 35 गांवों के लोगों को छह घंटे बिना बिजली (Electricity) गुजारकर भुगतना पड़ा। मामला सोमवार का है। बदायूं के कुंवरगांव थाने में तैनात इंस्पेक्टर शर्मिला शर्मा ने पेट दर्द होने की शिकायत पर दवा लेने जा रहे विधुत विभाग के कर्मचारी एसएसओ सुनील कुमार को चौराहे पर चेकिंग के दौरान रोक लिया और मास्क न लगाने पर उनका चालान कर दिया। सुनील कुमार के पास पैसे नहीं थे। इस स्थिति में उसने किसी जानने वाले से उधार लेकर इंस्पेक्टर को सौ रुपए दिए। लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई। सुनील कुमार ने जेई सतीश चंद्र को फोन मिला दिया और इंस्पेक्टर से बात करने को कहा, लेकिन इंस्पेक्टर ने मोबाइल छीनकर रख लिया और सुनील को थप्पड़ जड़ दिया। एसएसओ ने इसका विरोध किया तो आक्रोशित इंस्पेक्टर ने उसे पकड़कर पुलिस की गाड़ी में डाला और थाने ले जाकर हवालात में बंद कर दिया।