
बदायूं। जिले में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की पहले तो पिटाई की फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगा किनारे ले जाकर जला दिया। मृतका के भाई की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता से शव को निकाला और मुकदमा लिखकर शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सभी आरोपी फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
ये है मामला
थाना बिनावर के ग्राम टिसना के रहने वाले अवधेश की शादी नौ साल पहले विनीता से हुई थी। आरोप है कि अवधेश आये दिन शराब पीकर विनीता के साथ मारपीट करता रहता था। दहेज की मांग करता था। मंगलवार को अवधेश शराब पीकर आया और विनीता के साथ मारपीट की और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गंगा किनारे जला दिया। जब इसकी सूचना विनीता के परिजनों को मिली तो वह तुरन्त पुलिस को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे जहां पर पुलिस ने जलती चिता से शव को निकला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ये कहना एसएसपी का
इस बारे में एसएसपी बदायूं अशोक कुमार का कहना है कि चिता से एक महिला के शव को निकाला गया है। उसके भाई ने शिकायत की थी कि उसकी बहन की हत्या की गई है। लेकिन हत्या के सबूत अभी नहीं मिले हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट कि हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।