
बदायूं। स्कूली छात्रा को तंग करना एक मनचले को महंगा पड़ गया। छात्रा ने बीच सड़क मनचले को जमकर सबक सिखाया। छात्रा ने मनचले की चप्पलों और थप्पड़ों से जमकर पिटाई लगाई। इस लाइव पिटाई का किसी ने वीडियो शूट कर लिया। वीडियो वायरल हो रहा है।
मामला बदायूं जिले के बिसौली कस्बे का है। वीडियो में एक स्कूल की छात्रा एक लड़के की जमकर पिटाई कर रही है। आरोप है कि लड़का छात्रा को तंग कर रहा था। भीड़ की मदद से छात्रा ने लड़के को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई लगा दी। इस दौरान भीड़ ने भी छात्रा के साथ उस मजनू की पिटाई लगाई। बता दें कि आए दिन स्कूल जाने वाली छात्राओं को ऐसे लोगों का सामना करना पड़ता है जो उनपर फब्तियां कसते हैं। ऐसे में यह वीडियो उन मजनुओं के लिए एक सबक है जो स्कूल आती-जाती छात्राओं को अक्सर छेड़ते हैं। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, जब किसी लड़की या युवती से सरेराह चलते हुए किसी युवक ने छेड़छाड़ की हो।