गौरतलब है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में बुलंदशहर की सदर सीट से बसपा से हाजी अलीम और रालोद के टिकट पर भगवान शर्मा उर्फ गुडडू पंडित दोनों आमने-सामने थे। हाजी अलीम चौधरी पिछले 10 वर्षों से बसपा के टिकट पर बुलंदशहर सदर सीट से विधायक थे। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी गुडडू पंड़ित पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर उर्फ राजू भैया को हराकर डिबाई सीट पर पिछले 10 वर्षों से कब्जा जमा हुए थे। लेकिन जब दोनों बाहुबली सामने आए तो जीत की बाजी 23 हजार से भी अधिक वोटों से भाजपा के नेता वीरेंद्र सिंह सिरोही मार गए और दोनों ही बाहुबलियों को हार का मुंह देखना पड़ा। इस चुनाव में बसपा नेता हाजी अलीम भले ही हार गए, लेकिन वह दूसरे नम्बर पर रहे। इस चुनाव में इन दोनों बाहुबलियों के आमने-सामने होने की खबर ने मीडिया में खूब सुर्खिया बटोरी थी।