बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर इलाके में रहने वाले 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा का मंगलवार की देर शाम उस वक्त अपहरण हो गया था, जब वह ट्यूशन पढ़कर अपनी साइकल से घर लौट रही थी। परिजनों के अनुसार, एक अल्टो कार छात्रा का पीछा करते हुए देखी गई थी। उसमें सवार युवकों ने किशोरी को जबरन साइकिल से खींच कार में डाल लिया और अपहरण कर फरार हो गए। मामले की जानकारी 100 नंबर पर पुलिस को दी गई। आरोप है कि सूचना मिलने के आधे घंटे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। बता दें कि घटनास्थल से कोतवाली देहात महज थोड़ी दूरी पर है। परिजनों ने बताया कि घटना के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, एसपी सिटी व सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने छात्रा की साइकल, स्कूल बैग व एक चप्पल बरामद कर ली थी, मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा पाए थे।