इस दौरान एक ई रिक्शा भी बवंडर में फंस गया, जो हवा में उड़ते हुए काफी दूर जाकर गिरा। इसी तरह एक व्यक्ति भी बवंडर की चपेट में आने से काफी देर तक हवा में ही रहा। वहीं, मकानों के मलबे से गांव के रहने वाले करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल भी हो गए। इसके अलावा कुछ पशु भी घायल हुए हैं। चक्रवात के कहर की सूचना के बाद मौके पर पुलिस के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ सिटी राघवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि चक्रवाती तूफान से सात लोग घायल हुए हैं। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आंकलन कर रही है। आपदा प्रबंधन टीम को भी मौके पर भेजा गया है।