बुलंदशहर. चुनाव परिणाम के ठीक बाद उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के फैसलाबाद में हुए तीन मासूमों की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक इसमें कोई राजनीतिक साजिश जैसी बात नहीं है। यह घटना पूरी तरह से आपसी रंजिश का है। इस निर्मम हत्या कांड को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि यह आरोपी अपने दो साथियों के साथ घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे। अभी दो आरोपी फरार हैं, जिनके लिए पुलिस की 6 टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक इन बच्चों की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि इन बच्चों के परिजनों ने आरोपियों को रोजा इफ्तार पार्टी में दावत नहीं दी थी। गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम बुलंदशहर के फैसलाबाद से एक ही परिवार के तीन बच्चे गायब हो गए थे। इसकी पुलिस में शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगले दिन यानी शनिवार की सुबह तीनों बच्चों की गोलियों से छलनी शव घर से 15 किमी दूर ट्यूबवेल से बरामद किया गया था।