
बुलंदशहर. सिकंद्राबाद निकाय चुनाव में प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा व्यवस्था के दावे उस समय धराशायी हो गए, जब चुनावी परिणाम आने के बाद कुछ लोगों ने अपने प्रत्याशी की जीत पर खुशियां मनाते हुए न सिर्फ आचार संहिता का उल्लंघन किया, बल्कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। कुछ लोगों के द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन अब वीडियो का परीक्षण कराकर, कार्यवाही करने की बात कर रहा है।
बताते चलें कि निकाय चुनाव आने से पहले जिलाधिकारी व एसएसपी सहित आला अधिकारी जिले में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव निपटाने की बात कर रहे थे, लेकिन आला अधिकारियों के दावे धराशायी हो गए हैं। सिकंद्राबाद में एक पार्टी के प्रत्याशी के जीतने पर समर्थकों ने जीत की खुशियां मनाते हुए न सिर्फ आचार संहिता का उल्लंघन किया, बल्कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए हैं। बता दें कि वीडियो में सिकंद्राबाद कोतवाली का बोर्ड भी नजर आ रहा है। कुछ लोगों के द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मात्र 48 सेकंड के इस वीडियो में प्रत्याशी के समर्थक सड़क पर हाय-हुल्लड़ के साथ नाच रहे हैं। साथ ही अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। प्रत्याशी के समर्थक खुशी का इजहार करते हुए पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे हैं। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिकंद्राबाद में तनाव का महौल है। वहीं, एडीए प्रशासन अरविंद कुमार ने बताया कि वीडियो का लैब में परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही कहा कि अगर इसमें कोई अपराध बनता है तो ऐसे लोगों को चिन्हित कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
03 Dec 2017 10:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
