
बुलंदशहर . उत्तर प्रदेश में 15 जिलों में सील की खबर के बाद बुलंदशहर में फल-सब्जी और परचून समेत सभी खाद्य सामग्री की दुकान पर बुधवार शाम को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लॉकडाउन के बाद बुधवार को सड़कों पर लोग अपने घरों से निकल आए। लोगों के मन में इस बात को लेकर डर है कि कहीं उनके इलाके को सील कर दिया गया तो क्या होगा। लिहाजा, लोगों में इस बात को लेकर डर फैल गया कि उन्हें फल, सब्जी और राशन मुहैया हो पाएंगे या नहीं। इसी के चलते लोगों की भीड़ शहर में अचानक से बढ़ गई। जब लोगों से बातचीत की गई तो लोगों ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि सिर्फ जिलों में वह जगह चिन्हित कर सील की जाएंगी, जहां संक्रमित व्यक्ति (कोरोना पॉजिटिव) मिले थे। लिहाजा जानकारी के अभाव में हजारों की तादात में पुरुष और महिलाएं सड़कों पर एक साथ उतर आए। जिससे एक बार फिर बुलंदशहर में लॉकडाउन फेल होता नजर आया। हालांकि, बाद में यह साफ हो गया कि बुलंदशहर में सिर्फ तीन इलाकों को ही सील किया गया है।
जिले में अफरा-तफरी के माहौल को देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बुलंदशहर के समस्त नागरिकों को सूचित किया जाता है कि ऐसी भ्रांति फैलाई जा रही है कि पूरा जनपद सील किया जा रहा है, यह बात बिल्कुल गलत है। केवल जनपद के ऐसे इलाकों को सील किया जा रहा है, जहां से कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जिसमें विरखेड़ा थाना सिकंदराबाद, मोहल्ला रुकनसराय, थाना कोतवाली नगर सदर तहसील एवं शिव कुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज जहांगीराबाद के आसपास के इलाके यथा-मोहल्ला लोध राजपूतान, बंशीधर, अंसरियांन एवं आहनग्रान थाना जहांगीराबाद सम्मिलित है। तीन थानों के उक्त इलाकों को छोड़कर जनपद के अन्य भागों में लॉकडाउन पूर्व की तरह बना रहेगा।
Published on:
8 Apr 2020, 9:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.