
बुलंदशहर.योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं पर हो रहे अपराधों को लेकर लाखे दावे कर ले, लेकिन सच्चाई इससे इतर है। जिला बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के गांव लौंगा में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भरी पंचायत में एक महिला को ऐसी तालिबानी सजा दी गई, जिसे देख किसी की भी रूह कांप सकती है। दरअसल, महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने प्यार करने का गुनाह किया था। पति ने ही ग्रामीणों के सामने पत्नी को पेड़ से बांधकर बर्बर तरीके से पीटा। वह बचाव के लिए चिल्लाती रही, लेकिन तमाशा देख रही भीड़ में से एक भी आवाज महिला के हक में नहीं उठी। उसे हैवान पति ने उसे अधमरा होने तक पीटा। इतना ही नहीं महिला के साथ गंदी हरकतें भी की गईं। यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर सात लोगों को नामजद और दर्जनभर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही महिला के पति, गांव के पूर्व प्रधान और उसके बेटे को भी गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी मर्जी से गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी। इस दौरान वह युवक के एक रिश्तेदार के घर रुकी, लेकिन 10 मार्च को गांव के ही कुछ लोग आए और उसे अपने साथ गांव ले आए। उसी दिन पूर्व प्रधान सहित सात नामजदों ने कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ उसे रस्ससी से पेड़ पर बांधा और फिर उसे पति से पिटवाया। भीड़ के सामने पति उसे जानवरों की तरह पीटता रहा, लेकिन गुहार लगाने के बाद भी किसी ने उसकी एक न सुनी। इतना ही नहीं इसके बाद उसे तीन आरोपी घर के अंदर ले गए और उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं। इस दौरान कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पीड़िता से मारपीट का वीडियो पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के पास पहुंचा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने पीड़ित महिला को खोज निकाला। बताया जा रहा है पिटाई से अधमरी हुई महिला हाल ही में एक अस्पताल से डिस्चार्ज होकर आयी थी। पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर पति शौदान सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान शेर सिंह उसके बेटे श्रवण व राधेश्याम, नन्हे, जीतू, नरेश सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने महिला के पति, पूर्व ग्राम प्रधान और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियो की तलाश की जा रही है।
Updated on:
23 Mar 2018 12:53 pm
Published on:
23 Mar 2018 10:20 am
बड़ी खबरें
View Allबुलंदशहर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
