भण्डेडा. जिले के गांवों में गर्मी का असर तेज होते ही पेयजल संकट से हालात बिगडऩे लगे हैं। ग्रामीणों में रोष बढऩे लगा है। ग्राम पंचायत गुढ़ासदावर्तिया के बिजंता गांव में गुरुवार को पेयजल संकट से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय वार्ड पंच को डेढ़ घंटे तक रस्सी से बांधे रखा। समस्या समाधान के आश्वासन के बाद पंच को खोला गया। ग्रामीण राम सिंह हाड़ा, लक्ष्मण सिंह, हनुमान पासवान, बजरंग सिंह, उदालाल गुर्जर व छोटूलाल पासवान ने बताया कि बिजंता गांव में लगभग दस हैंडपम्प है, जिनमें से एक ही चालू है। इसमें भी पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं आता है। राजपूत मोहल्ले में एक नलकूप लगा हुआ है, जिसमें भी पानी नाम मात्र का ही आता है।
तीरथनाथ के स्थान पर लगा नलकूप भी दो माह से खराब है। ऐसे में गांव में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है।