
मालगाड़ी से ट्रैक्टर-ट्रॉली टकराने की घटना ने कराई अधिकारियों की परेड
रामगंजबालाजी. कोटा-चित्तौड़ रेल लाइन पर रविवार को मालगाड़ी से ट्रैक्टर-ट्रॉली टकराने की घटना की सूचना ने रेलवे, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की परेड करा दी।सभी राहत कार्य के लिए घटना स्थल पर पहुंचे, अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस सहित पुलिस जाप्ता राहत कार्य के लिए दौड़ता दिखा। घटना स्थल पर पहुंचे तब माजरा साफ हुआ। रेलवे प्रशासन की ओर से मोक ड्रिल की घोषणा करने पर सभी ने राहत की सांस ली।
दोपहर करीब 1 बजकर 55 मिनट पर कोटा रेलवे संरक्षा सलाहकार प्रेमनाथ ने जिला प्रशासन को रेल दुर्घटना की सूचना दी। जिसमें बताया कि ट्रेन से ट्रैक्टर ट्रॉली टकराने से पांच जने गंभीर घायल हो गए हैं। इस पर सबसे पहले 108 एंबुलेंस पहुंची। इसके बाद सदर थाना पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे। जहां से सदर थाना पुलिस ने 108 एंबुलेंस में पांच घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। इधर, रेलवे प्रशासन ने कोटा कंट्रोल रूम पर भी सूचित किया। वहां से भी बचाव दल की टीम रवाना हुई। इस मौके पर रेलवे अधिकारियों ने मोक ड्रिल के बारे में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने दुर्घटना के बाद बचाव राहत कार्य का डेमो भी दिया। इस दौरान वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर रेलपथ बूंदी आर.एस. मीणा, रेलवे सुरक्षा बल उपनिरीक्षक घनश्याम मीणा, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, सीनियर इंजीनियर सिग्नल भूपेंद्र सोनी, रेलवे के दूरसंचार विभाग के भूपेंद्र शर्मा, बूंदी पुलिस उपअधीक्षक समदर सिंह, प्रशिक्षु आरएएस विकास पंचौली, नायब तहसीलदार केसरी सिंह व सदर थाना प्रभारी अनिल जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
50 मिनट खड़ी रही मालगाड़ी
मोक ड्रिल की सूचना पर रेलवे प्रशासन ने गेट नंबर 43 पर कोटा से आ रही मालगाड़ी को 1.55 बजे रोक दिया। पूरा घटनाक्रम समाप्त होने के बाद 2.45 बजे मालगाड़ी को वापस बूंदी के लिए रवाना किया गया।
भूसे से भरी ओवरलोड पिकअप गड्ढों में फंसी
रोटेदा.स्टेट हाइवे 37ए पर मंडावरा, रोटेदा, कापरेन तिराहे पर रविवार देर शाम को मोर्चा की टेक पर चढ़ाई के दौरान भूसे से भरी ओवरलोड पिकअप सडक़ पर हो रहे गड्ढों में फंस गई।जिससे कुछ समय सडक़ पर जाम लग गया। यहां मंडावरा की ओर से ओवरलोड भूसे से भरी पिकअप कापरेन की ओर जा रही थी।
Published on:
21 May 2018, 12:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.