20 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bank Holiday: आज शनिवार को बैंक खुले रहेंगे या नहीं? अगले हफ्ते शेयर बाजार में 3 दिन रहने वाली है छुट्टी

Saturday Banking: RBI के नियमों के मुताबिक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक शाखा बंद रहती है। इसके साथ ही बैंक की छुट्टियां देश में क्षेत्रिय आधार पर अलग-अलग होती है।

2 min read
Google source verification
Bank holiday

20 जून को खुले रहेंगे बैंक (File Photo)

Saturday Bank Holiday: भारत में बैंकों की छुट्टियां राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दोनों आधारों पर तय की जाती हैं, इसलिए अलग-अलग राज्यों में छुट्टियों की लिस्ट अलग हो सकती है। इसके अलावा सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार तथा सभी रविवार को बंद रहते हैं। इसलिए ग्राहकों के लिए यह जानना जरूरी होता है कि किस शनिवार को बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। 20 जून 2026 को बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है, क्योंकि यह महीने का तीसरा शनिवार है और सामान्य नियमों के अनुसार देशभर में बैंक खुले रहेंगे। ग्राहक बैंको में जाकर नियमित बैंकिंग कार्य करा सकते हैं।

आज क्यों खुले हैं बैंक?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश नियमों के अनुसार महीने का पहला, तीसरा और पांचवां शनिवार सामान्य कार्य दिवस माना जाता है, जब तक कि किसी राज्य में अलग से घोषित अवकाश लागू न हो। 20 जून 2026 तीसरा शनिवार है, इसलिए अधिकांश राज्यों में बैंक शाखाएं नियमित समय के अनुसार काम करेंगी। जिन ग्राहकों को बैंक ब्रांच जाकर अपना जरूरी काम निपटाना है, वे आज अपना काम निपटा सकते हैं।

अब भी बैंक ब्रांच से पूरे होते हैं कई काम

डिजिटल बैंकिंग के विस्तार के बावजूद कुछ सेवाएं अभी भी ऐसी हैं जिनके लिए बैंक में जाना पड़ जाता है। इनमें कुछ प्रकार के खातों का खुलवाना, हस्ताक्षर अपडेट करना, बचत या चालू खाता बंद करना, संयुक्त खाताधारक को जोड़ना या हटाना और लॉकर सुविधा से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा नई पासबुक प्राप्त करना तथा निर्धारित सीमा से अधिक नकद जमा या निकासी जैसी सेवाओं के लिए भी अतिरिक्त सत्यापन की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे मामलों में काम बैंक जाकर ही होता है।

लोन आवेदन में भी पड़ सकता है बैंक जाना

कई बैंक ऑनलाइन KYC, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सुविधाएं दे रहे हैं, फिर भी कुछ ग्राहकों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बैंक जाना पड़ सकता है। यदि ऑनलाइन KYC उपलब्ध नहीं है या अतिरिक्त जांच जरूरी है, तो बैंक शाखा में दस्तावेज जमा करने होंगे। इसी तरह कुछ लोन एप्लीकेशन, लोन रिस्ट्रक्चरिंग जैसे कामों के लिए दस्तावेज की हार्डकॉपी जमा करना आवश्यक हो सकता है। इसलिए जिन ग्राहकों को आज ये सब काम हैं वे बैंक जाकर ये सभी काम कर सकते हैं।

जून महीने में हैं ये छुट्टियां

26 जून को मोहर्रम होने की वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में बैंकों की छुट्टी रहेगी। इनमें नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, हैदराबाद, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और पटना जोन शामिल हैं। इसके अलावा 29 जून को संत गुरु कबीर जयंती के मौके पर शिमला जोन में बैंकों की छुट्टी रहेगी। इसके आलावा अगले महीने जुलाई में देश के अलग-अलग हिस्सों में रविवार और शनिवार की छुट्टियों के अतिरिक्त 6 दिन बैंकों का अवकाश रहेगा।

शेयर बाजार अगले हफ्ते 3 दिन रहेगा बंद

मोहर्रम के मौके पर शुक्रवार, 26 जून को देश के दोनों स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई बंद रहेंगे। इसके बाद शनिवार और रविवार को बाजार में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इस तरह लगातार 3 दिन मार्केट बंद रहेगा।