18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Health Insurance: सस्ता और जल्दबाजी में खरीदा गया स्वास्थ्य बीमा पड़ सकता है भारी, जानिए आपकी पॉलिसी में क्या-क्या होना चाहिए

Best Health Insurance Plan: सबसे अच्छी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी वही है, जो पर्याप्त कवरेज दे, क्लेम के समय भरोसेमंद साबित हो और आपकी जरूरतों के हिसाब से फिट बैठे। पॉलिसी खरीदने से पहले कम से कम तीन से चार प्लान की तुलना करें।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jun 18, 2026

Health Insurance

Health Insurance लेते समय बीमारियों का वेटिंग पीरियड चेक कर लें। (PC: AI)

Health Insurance Buying Tips: एक एक्सीडेंट, अचानक सर्जरी या गंभीर बीमारी कई सालों की बचत को चंद दिनों में खत्म कर सकती है। यही वजह है कि हेल्थ इंश्योरेंस अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है। यह परिवार की आर्थिक सुरक्षा का मजबूत कवच माना जाता है। लेकिन यहां एक गलती लोग अक्सर कर बैठते हैं। वे अलग-अलग कंपनियों के ऑफर देखते हैं और सिर्फ सबसे कम प्रीमियम देखकर पॉलिसी खरीद लेते हैं। बाद में जब क्लेम की जरूरत पड़ती है, तब पता चलता है कि कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उस पॉलिसी में शामिल ही नहीं थीं। असल सवाल यह नहीं है कि प्रीमियम कितना है। असली सवाल यह है कि जरूरत पड़ने पर पॉलिसी आपके कितनी काम आएगी।

हेल्थ इंश्योरेंस खरीदते समय किन बातों पर ध्यान दें?

  1. क्लेम सेटलमेंट रेश्यो

यह बताता है कि कंपनी अपने ग्राहकों के कितने क्लेम पूरे करती है। जितना बेहतर रिकॉर्ड होगा, जरूरत के समय क्लेम मिलने की संभावना उतनी ज्यादा होगी।

  1. अस्पतालों का नेटवर्क

अगर कंपनी के पास बड़ा नेटवर्क है तो कैशलेस इलाज की सुविधा आसानी से मिल सकती है। इससे इलाज के दौरान बड़ी रकम जुटाने की जरूरत नहीं पड़ती।

  1. रूम रेंट की सीमा

कई पॉलिसियों में अस्पताल के कमरे के किराए पर लिमिट तय होती है। अगर आप महंगा कमरा चुनते हैं, तो इलाज का बाकी खर्च भी आपकी जेब से जा सकता है।

  1. वेटिंग पीरियड

पहले से मौजूद बीमारियों और कुछ विशेष रोगों का कवर तुरंत शुरू नहीं होता। इसके लिए एक तय वेटिंग पीरियड होता है। पॉलिसी खरीदने से पहले इसे जरूर समझ लें।

  1. बीमा राशि

आज के दौर में इलाज का खर्च तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बहुत कम कवरेज भविष्य में परेशानी पैदा कर सकता है।

  1. कस्टमर सपोर्ट

क्लेम के समय अच्छा कस्टमर सपोर्ट बहुत मायने रखता है। बेहतर सपोर्ट तनाव कम करता है और प्रक्रिया आसान बनाता है।

अच्छी हेल्थ पॉलिसी में कौन-कौन सी सुविधाएं होनी चाहिए?

  1. रिस्टोरेशन बेनिफिट: अगर बीमा राशि पूरी तरह इस्तेमाल हो जाए, तो यह सुविधा उसे दोबारा बहाल कर देती है।
  2. कम या जीरो को-पेमेंट: इसका मतलब है कि इलाज का अधिकांश खर्च बीमा कंपनी उठाएगी और मरीज को कम रकम देनी पड़ेगी।
  3. प्री और पोस्ट हॉस्पिटलाइजेशन कवर: भर्ती होने से पहले की जांच और डिस्चार्ज के बाद की दवाओं का खर्च भी इसमें शामिल हो सकता है।
  4. डे-केयर ट्रीटमेंट: आज कई आधुनिक उपचार ऐसे हैं जिनमें 24 घंटे अस्पताल में भर्ती रहने की जरूरत नहीं होती। अच्छी पॉलिसी इन्हें भी कवर करती है।
  5. कैशलेस सुविधा: नेटवर्क अस्पताल में बिना अग्रिम भुगतान के इलाज कराना संभव हो जाता है।

ये गलतियां बिल्कुल न करें

  • सस्ती पॉलिसी हर बार बेहतर नहीं होती। कई बार थोड़ा ज्यादा प्रीमियम देने पर काफी बेहतर सुरक्षा मिल जाती है।
  • टीवी विज्ञापन और एजेंट की बात सुनना ठीक है, लेकिन अंतिम फैसला पॉलिसी दस्तावेज पढ़ने के बाद ही लें।
  • कई लोग सोचते हैं कि कंपनी को पता नहीं चलेगा, पुरानी बीमारी छुपा लेते हैं। यही सबसे बड़ी भूल है। गलत या अधूरी जानकारी क्लेम खारिज होने की बड़ी वजह बन सकती है।
  • मेट्रो शहरों में गंभीर बीमारी का इलाज कई लाख रुपये तक पहुंच सकता है। ऐसे में 5 लाख रुपये का कवर हर परिवार के लिए पर्याप्त नहीं माना जा सकता।
  • ग्राहक वेटिंग पीरियड और सब-लिमिट को नजरअंदाज कर देते हैं। ये छोटी दिखने वाली शर्तें बाद में बड़े झटके दे सकती हैं। इसलिए इन्हें ध्यान से समझना जरूरी है।