
कोफोर्ज के शेयर में भारी खरीदारी देखी जा रही है। (PC: AI)
Coforge Q1 Results: आईटी सेक्टर की कंपनी कोफोर्ज लिमिटेड के शेयर में मंगलवार सुबह भारी तेजी देखने को मिली। सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर यह शेयर एनएसई पर 9.16 फीसदी या 140 रुपये की बढ़त के साथ 1668.40 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। शेयर में यह भारी खरीदारी तिमाही नतीजे आने के चलते देखी जा रही है। कंपनी ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछली तिमाही के मुकाबले घटा है, लेकिन कारोबार और ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस में अच्छी बढ़त देखने को मिली है। कंपनी ने इसके साथ ही निवेशकों के लिए 4 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान भी किया है। इतना ही नहीं, वैश्विक कारोबार बढ़ाने की दिशा में कंपनी ने चीन में नई यूनिट बनाने की योजना को भी मंजूरी दे दी है।
मार्च तिमाही की तुलना में जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 15.3 फीसदी घटकर 519 करोड़ रुपये रह गया। पिछली तिमाही में यह 612 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि इस गिरावट की बड़ी वजह 55 करोड़ रुपये का एकमुश्त नुकसान (वन-टाइम लॉस) रहा। इसी कारण मुनाफे पर दबाव बना। दूसरी तरफ कंपनी का कारोबार लगातार मजबूत बना हुआ है। जून तिमाही में रेवेन्यू 24.2 फीसदी बढ़कर 5,528 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि मार्च तिमाही में यह 4,450 करोड़ रुपये था। यानी कारोबार के मोर्चे पर कंपनी ने तेज रफ्तार बनाए रखी।
ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस की बात करें तो कंपनी का EBIT 38 फीसदी बढ़कर 964 करोड़ रुपये हो गया। पिछली तिमाही में यह 696 करोड़ रुपये था। वहीं, EBIT मार्जिन बढ़कर 17 फीसदी पर पहुंच गया, जो मार्च तिमाही में 16 फीसदी था। इससे पता चलता है कि कंपनी की मुख्य कारोबारी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं।
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 2 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 4 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए 3 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। पात्र शेयरधारकों को डिविडेंड की राशि घोषणा की तारीख से 30 दिनों के भीतर भेज दी जाएगी।
कोफोर्ज ने वैश्विक विस्तार की रणनीति के तहत चीन में नई यूनिट स्थापित करने को भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। कंपनी का मानना है कि इससे एशियाई बाजार में उसकी पकड़ मजबूत होगी और अंतरराष्ट्रीय कारोबार को नई गति मिलेगी।
कंपनी के बोर्ड ने ओ.पी. भट्ट को एक और पांच साल के कार्यकाल के लिए स्वतंत्र निदेशक और चेयरपर्सन के रूप में दोबारा नियुक्त करने की मंजूरी भी दी है। उनका नया कार्यकाल 1 मई 2027 से 30 अप्रैल 2032 तक रहेगा। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
कोफोर्ज के शेयर ने 1 हफ्ते में 11.89 फीसदी, 1 महीने में 11.97 फीसदी, इस साल अब तक 0.95 फीसदी, 1 साल में -3.08 फीसदी, 3 साल में 78.88 फीसदी और 5 साल में 76.22 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर का 52 वीक हाई 1989.70 रुपये है, जो 8 दिसंबर 2025 को दर्ज हुआ था। वहीं, 52 वीक लो 1008.10 रुपये है, जो 17 मार्च 2026 को दर्ज हुआ था। कंपनी का मार्केट कैप 74,119.72 करोड़ रुपये है।
ब्रोकरेज फर्म आईआईएफएल कैपिटल ने अपनी रिपोर्ट में कहा, 'Encora के अधिग्रहण के बाद कोफोर्ज अब पहले की तुलना में कहीं बड़े स्तर की कंपनी बन गई है। कंपनी ने मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है। इंडस्ट्री में सबसे बेहतर मार्जिन बनाए रखा है, अच्छा कैश फ्लो पैदा किया है और 2.23 अरब डॉलर की रिकॉर्ड एग्जीक्यूटेबल ऑर्डर बुक तैयार की है। हालांकि, निवेशकों को अधिग्रहण से मिली बढ़त और कंपनी के मूल कारोबार की वास्तविक रफ्तार में फर्क समझना होगा। कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर ऑर्गेनिक ग्रोथ केवल 1.1 फीसदी रही। हालांकि, नियोजित बिजनेस एग्जिट को समायोजित करने पर यह बढ़कर 5.2 फीसदी हो जाती है। आने वाले समय में बाजार की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या कोफोर्ज, Encora के सफल एकीकरण, बढ़े हुए कर्ज के बेहतर प्रबंधन, अपने तेजी से बढ़ते AI प्लेटफॉर्म पोर्टफोलियो से कमाई बढ़ाने और टिकाऊ ऑर्गेनिक ग्रोथ हासिल करने में सफल रहती है या नहीं।'
ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि कंपनी के शेयर में आई करीब 9 फीसदी की तेज बढ़त निवेशकों के भरोसे को दिखाती है। अब इस भरोसे को बनाए रखने के लिए कोफोर्ज को अधिग्रहण से मिले बड़े कारोबार को लगातार मजबूत कमाई में बदलकर दिखाना होगा।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
28 Jul 2026 11:09 am
Published on:
28 Jul 2026 10:28 am
