
सोने की कीमतों में गिरावट आई है। (PC: AI)
Gold Rate Today: सोने-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते गिरावट देखने को मिली है। सोने की तुलना में चांदी की कीमतों में ज्यादा गिरावट दिखाई दी है। बॉन्ड यील्ड में तेजी और क्रूड ऑयल में उछाल इसके पीछे प्रमुख कारण रहे। गुड रिटर्न्स के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते शनिवार 26 सितंबर 2026 को चांदी का भाव 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। आज 3 अक्टूबर को चांदी का भाव गिरकर 2,34,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है। इस तरह चांदी का भाव एक हफ्ते में 10,100 रुपये टूट गया है।
चांदी के साथ ही सोने की कीमतों में भी इस हफ्ते गिरावट आई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, बीते शनिवार 26 सितंबर को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,52,830 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। यह भाव आज 3 अक्टूबर को गिरकर 1,49,330 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। इस तरह 1 हफ्ते में सोने की कीमत में 3500 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है।
वैश्विक बाजार की बात करें, तो कॉमेक्स पर सोने का भाव शुक्रवार को 0.95 फीसदी या 40 डॉलर गिरकर 4,162.30 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, गोल्ड स्पॉट 0.87 फीसदी या 36.47 डॉलर की गिरावट के साथ 4,141.19 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। चांदी की बात करें, तो कॉमेक्स पर यह 1.24 फीसदी या 0.76 डॉलर गिरकर 60.42 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। वहीं, सिल्वर स्पॉट 1.03 फीसदी या 0.63 डॉलर की गिरावट के साथ 60.36 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।
सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, सोने की कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह अमेरिकी बॉन्ड मार्केट है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड्स में पिछले कुछ समय से काफी तेजी देखी जा रही है। जब बॉन्ड पर ज्यादा रिटर्न मिलता है, तो निवेशक बिना ब्याज वाले एसेट गोल्ड से निकलकर ट्रेजरी बॉन्ड की तरफ जाने लगते हैं। यही कारण है कि सोने की कीमतों में गिरावट आई है। इन्वेस्टिंग डॉट कॉम के अनुसार, यूएस 10 ईयर बॉन्ड यील्ड 5.277 पर पहुंच गई है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
03 Oct 2026 10:39 am
Published on:
03 Oct 2026 09:57 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
