
Vedanta Group के शेयरों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। (PC: AI)
Stock Market: वेदांता ग्रुप के डीमर्जर से बनी चार कंपनियों के शेयरों में आज अलग-अलग ट्रेंड देखा जा रहा है। वेदांता एल्युमिनियम के शेयर में जबरदस्त बिकवाली देखी जा रही है। कंपनी के शेयर में आज दूसरे दिन भी लोअर सर्किट लगा है। यह शेयर बीएसई पर 5 फीसदी के लोअर सर्किट के साथ गिरकर 475.65 रुपये पर आ गया। वहीं, वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड के शेयर में भी लोअर सर्किट लगा है। यह शेयर 5 फीसदी के लोअर सर्किट के साथ आज 35.20 रुपये पर आ गया।
उधर वेदांता आयरन एंड स्टील का शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ ट्रेड कर रहा है। इससे शेयर की कीमत 22.10 रुपये पर पहुंच गई है। वेदांता पावर के शेयर में भी आज अच्छी तेजी देखी जा रही है। यह बीएसई पर 4.52 फीसदी या 1.85 रुपये की बढ़त के साथ 42.80 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। उधर वेदांता लिमिटेड का शेयर 1.59 फीसदी की गिरावट के साथ 297.80 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।
मास्टरट्रस्ट के चीफ रिसर्च ऑफिसर डॉ रवि सिंह ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि हाल ही में लिस्टेड हुई डीमर्जर से बनी कंपनियों के शेयरों में शुरुआती दौर में मुनाफावसूली और प्राइस डिस्कवरी की प्रक्रिया चलती है। यही कारण है कि वेदांता की नई बनी कंपनियों के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रुप की एल्युमिनियम और ऑयल एंड गैस कंपनी के शेयरों में अभी मुनाफावसूली चल रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को अभी 1-2 हफ्ते इंतजार करना चाहिए, जिससे शेयर की कीमतें न्यूट्रल हो सकें। इसके बाद निवेश के बारे में सोचना चाहिए।
डॉ रवि ने बताया कि वेदांता पावर की लिस्टिंग ऐसे समय में हुई है, जब पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में निवेशकों अच्छा आकर्षण देखने को मिल रहा है। ऐसा देशभर में बढ़ती इलेक्ट्रिसिटी डिमांड के चलते है। वेदांता के डीमर्जर के बाद निवेशक पावर बिजनेस में अलग से इन्वेस्ट कर सकते हैं। यही कारण है कि शेयर में पॉजिटिव सेंटीमेंट देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि कंपनी का परिचालन स्तर अच्छा है और देश में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों तथा ऊर्जा खपत के कारण इसे लॉन्ग टर्म में फायदा मिल सकता है। वहीं, निवेशकों को कंपनी के कर्ज के स्तर और थर्मल पावर सेक्टर से जुड़ी चुनौतियों पर भी नजर रखनी चाहिए, क्योंकि ये फैक्टर भविष्य की ग्रोथ को प्रभावित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लिस्टिंग के बाद शेयर स्थिरता बनाए रखता है, तो लॉन्ग टर्म के निवेशक इसे भारत की लॉन्ग टर्म ग्रोथ स्टोरी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर के निवेश अवसर के रूप में देख सकते हैं।
भारतीय शेयर बाजार में आज मंगलवार को तेजी देखी जा रही है। सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 0.48 फीसदी या 364 अंक की तेजी के साथ 76,631 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.30 फीसदी या 70 अंक की बढ़त के साथ 23,925 पर ट्रेड करता दिखा। सबसे अधिक तेजी रियल एस्टेट, मीडिया और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली।
Updated on:
16 Jun 2026 01:18 pm
Published on:
16 Jun 2026 01:18 pm
