
Swiggy के घाटे में कमी आई है। (फोटो: ANI)
Swiggy New Instamart: फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, जून तिमाही में स्विगी लिमिटेड का नेट लॉस सालाना आधार पर कम हुआ है। कंपनी ने FY27 की पहली तिमाही के लिए 791 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस बताया है। यह पिछले साल की समान अवधि में हुए 1,197 करोड़ रुपये के नेट लॉस के मुकाबले लगभग 34 फीसदी की कमी है। इसी के साथ ही कंपनी चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 75 नए इंस्टामार्ट खोलने की योजना भी बना रही है।
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में स्विगी का परिचालन राजस्व 37 फीसदी बढ़कर 6,812 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 4,961 करोड़ रुपये था। इसी दौरान कंपनी का नेट लॉस घटकर 791 करोड़ रुपये रह गया। ऑपरेशनल लेवल पर भी सुधार देखने को मिला। ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन से पहले की कमाई (EBITDA) का लॉस भी कम होकर 650 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह लॉस 954 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि डिलीवरी पार्टनर्स की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किए गए अतिरिक्त निवेश की वजह से पिछली तिमाही की तुलना में मार्जिन पर कुछ दबाव आया। इसके बावजूद एडजस्टेड EBITDA मार्जिन में सालाना आधार पर 70 बेसिस प्वाइंट का सुधार हुआ। कंपनी ने बताया कि मीडियम टर्म में वह ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV) पर 5 फीसदी एडजस्टेड EBITDA मार्जिन हासिल करने का लक्ष्य रखती है।
फूड डिलीवरी कारोबार का GOV सालाना आधार पर 17.4 फीसदी बढ़ा। कंपनी के अनुसार, तिमाही की शुरुआत में रेस्तरां की ओर से ऑर्डर रद्द होने का असर कारोबार पर पड़ा। कंपनी के मुताबिक अगर इसके प्रभाव को हटाकर देखें तो लाइक-फॉर-लाइक GOV ग्रोथ करीब 18 फीसदी रहती है। वहीं दूसरी ओर, इंस्टामार्ट का GOV 39.8 फीसदी बढ़ा और यह कारोबार पहली बार योगदान मार्जिन के स्तर पर ब्रेक-ईवन तक पहुंच गया। कंपनी ने बताया कि उसके 45 फीसदी से अधिक इंस्टामार्ट स्टोर अब योगदान मार्जिन के स्तर पर मुनाफे में हैं, जबकि पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 30 फीसदी का था।
स्विगी दूसरी तिमाही में करीब 75 नए इंस्टामार्ट स्टोर खोलने की योजना बना रहा है। कंपनी का लक्ष्य क्विक कॉमर्स कारोबार को सालाना 60,000 करोड़ रुपये के नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) पर एडजस्टेड EBITDA ब्रेक-ईवन तक पहुंचाना है। भविष्य में इसे 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के NOV तक ले जाने और 4-5 फीसदी एडजस्टेड EBITDA मार्जिन हासिल करने की योजना है। कंपनी ने यह भी बताया कि उसकी '99 स्टोर' और नया Toing प्लेटफॉर्म अच्छी रफ्तार से बढ़ रहे हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
30 Jul 2026 05:53 pm
Published on:
30 Jul 2026 05:51 pm
