
चंदौली. चकिया कोतवाली क्षेत्र के कुण्डा हेमैया गांव में आज अल सुबह 9 फीट लम्बा मगरमच्छ देखे जाने के बाद हड़कम्प मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल 100 नंबर पुलिस को और चकिया रेन्ज के वनकर्मियों को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम नें अथक प्रयास के बाद जाल के सहारे मगरमच्छ को पकड़ लिया।
कुण्डा हेमैया गांव का चन्द्रप्रभा नदी और हेमैया बन्धी के बीच में होने के चलते आये दिन मगरमच्छों की आवाजाही गांव मे होती रहती है। सोमवार की सुबह गांव की मेन सड़क पर 9 फीट लम्बे मगरमच्छ को घूमते देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 100 नम्बर पुलिस को देने के साथ ही वनविभाग को दी।सूचना पर मौके पर टीम के साथ पहुंचे चकिया रेन्जर ताराशंकर यादव ने जाल की घेराबन्दी कर मगरमच्छ को किसी तरह पकड़ लिया। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वनकर्मियों मगरमच्छ को कैम्पर वाहन से चकिया रेंज कार्यालय परिसर ले गये जहां कागजी कार्यवाही के बाद मगरमच्छ को लतीफशाह बांध में छोड़ दिया गया । मगरमच्छ को सकुशल बांध में छोड़े जाने के बाद वनकर्मियों ने राहत सांस ली ।
Input- संतोष जायसवाल