
आरपीएफ कालोनी में ऑक्सीजन सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट
चंदौली। डीडीयू नगर (मुगलसराय) आरपीएफ कालोनी स्थित डी केबिन रिसीविंग यार्ड के पास सोमवार की दोपहर बड़ा हादसा हुआ। यहां चल रहे रेलवे वैगन मेंटेनेंस कार्य के लिए रामनगर की विद्या गैस से पहुंचे ऑक्सीजन सिलेंडर को उतारते समय एक सिलेंडर जमीन पर गिरकर ब्लास्ट कर गया। इस ब्लास्ट में गैस एजेंसी का कर्मचारी बुरी तरह जख्मी हो गया और उसका एक हाथ इस घटना में उड़ गया। घटना की सूचना पर रेलवे के अधिकारी और पुलिस के साथ सीओ अनिरुद्ध सिंह मौके पर पहुंचे। इसके पहले ही ठेकेदार ने घायल को भोगवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ का है घायल मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरपीएफ कालोनी में चल रहे काम में रामनगर स्थित विद्या गैस एजेंसी ऑक्सीजन गैस की सप्लाई देती है। सोमवार की दोपहर भी पिकअप वहां से ऑक्सीजन सिलेंडर की खेप पहुंची थी जिसे एजेंसी के कर्मचारी उतार रहे थे। इसी दौरान एक सिलेंडर गिराकर तेज आवाज के साथ ब्लास्ट कर गया। इसपर वहां मौजूद कर्मचारी अमित कुमार (22) निवासी छत्तीसगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका एक हाथ इस धमाके में उड़ कर गायब हो गया।
उड़ गया हाथ, ढूंढने पर भी नहीं मिला
धमाके के बाद दर्द से तड़प रहे कर्मचारी अमित को ठेकेदार ने तुरंत भोगवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस घटना में कर्मचारी का हाथ उड़ गया पर हाथ का कटा हुआ टुकड़ा कहीं नहीं मिला। वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कम्पनी के लोगों से पूछताछ की।
Updated on:
13 Nov 2023, 4:33 PM IST
Published on:
13 Nov 2023, 4:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.