
चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम एक इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
Chandigarh Building Collapse: शनिवार की शाम चंडीगढ़ से हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां के 'इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2' में एक इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसा इतना भयानक था कि आसपास के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बिल्डिंग गिरते ही चारों तरफ धूल का गुबार छा गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई है।
घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि नुकसान कितना बड़ा हो सकता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे के नीचे कुछ लोगों और गाड़ियों के दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और मलबे को हटाने का काम शुरू किया, साथ ही तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी इत्तला दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारी, प्रशासनिक टीमें और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। राहत और बचाव कार्य को शुरू कर दिया गया है। भारी मशीनों और क्रेन की मदद से मलबे को तेजी से हटाने का काम किया जा रहा है एम्बुलेंस की टीमें भी अलर्ट पर हैं ताकि घायलों को बिना वक्त गंवाए अस्पताल पहुंचाया जा सके।
फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा करने पर है। यह बिल्डिंग कमर्शियल थी या रिहायशी, और हादसे के वक्त इसके अंदर कितने लोग मौजूद थे, इसकी पुख्ता जानकारी का अभी इंतजार है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर बनी हुई है और मलबे के पूरी तरह साफ होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
Updated on:
04 Jul 2026 07:09 pm
Published on:
04 Jul 2026 07:09 pm
