याचिका में भारत सरकार के 29 जनवरी 1955 के पहले फैसले का उल्लेख किया गया है। इस फैसले में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि पानी की कीमत के बंटवारे पर अलग से विचार किया जाएगा। इस फैसले पर कभी गौर नहीं किया गया। इस फैसले के अनुसार राजस्थान को 50.48 फीसदी पानी दिया गया। जम्मू-कश्मीर को चार फीसदी और पंजाब व पेप्सू को 45.42 फीसदी पानी दिया गया। संविधान के तहत राजस्थान को पंजाब,हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर से पानी की एक बूंद लेने के लिए दावा करने का अधिकार नहीं है। राजस्थान तो तत्कालीन पंजाब का उत्तराधिकारी राज्य भी नहीं है। देश की आजादी से पहले राजस्थान कीमत का भुगतान कर पंजाब से पानी लेता था। तब पंजाब के पास सरप्लस पानी था। अब पंजाब में पानी की कमी है और 14 लाख ट्यूबवैल पानी की कमी झेल रहे हैं।