
हजारों हुए गिरफ्तार
कावेरी प्रबंधन बोर्ड के गठन की मांग
चेन्नई. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के खिलाफ तमिल संगठनों व राजनीतिक दल टीवीके ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग कावेरी प्रबंधन बोर्ड (सीएमबी) के गठन की थी। चेपाक स्टेडियम जहां २ साल बाद आईपीएल मैच होना था की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात था। प्रदर्शनकारी अण्णा सालै, वालाजाह रोड और अन्य मार्गों पर तो पूरी तरह संघर्ष स्थल का रूप अख्तियार कर चुके थे, इस वजह से यातायात अवरुद्ध रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच साढ़े छह से पौने सात बजे के बीच सीएसके और केकेआर की टीम चेपाक स्टेडियम पहुंची। ख्यातनाम फिल्म निर्देशक भारतीराजा, सीमॉन व गौतमन समेत हजारों को गिरफ्तार किया गया। स्टेडियम के भीतर और बाहर सुरक्षा चाक-चौबंद थी।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत २९ मार्च तक सीएमबी का गठन हो जाना था, लेकिन केंद्र सरकार ने कर्नाटक चुनाव की वजह बताते हुए इसे ठण्डे बस्ते में डाल दिया और सुप्रीम कोर्ट से तीन महीने की मोहलत मांग ली। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अवमानना याचिका की सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार को फटकारा लेकिन साथ ही स्कीम पेश करने के लिए ३ मई तक का समय दे दिया। इससे राज्य में निराशा और फैल गई।
सीएसके की टी शर्ट जलाई
तमिल कट्टरवादी संगठनों व राजनीतिक दलों ने पूर्व में ही आईपीएल के आयोजन पर सवाल उठाया था। मुख्यमंत्री पलनीस्वामी से भी अनुरोध किया गया था कि आईपीएल मैच रुकवाएं, लेकिन उनके अनसुनी करने पर वे सड़कों पर आ गए। सुबह से ही अण्णा सालै व चेपाक स्टेडियम जाने वाले मार्गों पर हलचल रही। किसान संघ के नेताओं, टीवीके, नाम तमिळर कच्ची, एसडीपीआई, रजनी प्रशंसक मंडल व अन्य संगठन के कार्यकर्ताओं ने अण्णा सालै पर प्रदर्शन किया। मैच की निकटता के साथ ही प्रदर्शन गहराता चला गया और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुट गए। सीएसके की टी. शर्ट व आईपीएल की टिकटें भी जलाई गई।
पुलिस बल का प्रयोग
सीएसके की पोशाक पहने मैच देखने जा रहे कुछ लोगों पर हमला भी हुआ। पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच बहस के बाद शाम के वक्त ट्रिप्लीकेन में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। उस वक्त प्रदर्शनकारियों की संख्या भी लगातार अण्णा सालै व वालाजाह सालै पर बढ़ती जा रही थी। पुलिस ने इनको वहां से खदेडऩे के लिए मामूली लाठीचार्ज किया। इसमें फिल्म निर्देशक वेट्रीमारन घायल हो गए। शाम साढ़े पांच बजे के करीब फिल्म निर्देशक भारतीराजा, सीमॉन, वैरमुत्तु, करुणास, गौतमन व अन्य पहुुंचे। इन सभी ने आईपीएल को फिलहाल गैरजरूरी बताया और सीएमबी के तुरंत गठन की मांग की।
Published on:
10 Apr 2018 09:17 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
