पिछले कुछ सालों से शराब पीने की वजह से राजाराम का गुर्दा और लीवर खराब हो गया था। कुछ महीने पहले दोनों गुर्दा फेल होने के बाद राजाराम को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने परिजनों को इलाज में करीब ६० लाख तक खर्च होने की जानकारी दी। हालांकि सूचना के बाद राजाराम के परिजनों ने पैसा इकठ्ठा करने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे लोग थोड़ा सा पैसा भी इकठ्ठा करने में असमर्थ रहे। इसके बाद राजाराम की पत्नी, बेटा और बेटी इस बात से काफी परेशान हो गए। इसी बीच शुक्रवार को राजाराम के घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने बाहर से आवाज लगाई। लगातार आवाज के बाद भी जब अंदर से किसी प्रकार की आवाज नहीं आई तो पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी।