
शिक्षक पात्रता परीक्षा में चुने गए उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं माध्यमिक शिक्षकों को बड़ी राहत
छतरपुर। वर्ष 2018 की शिक्षक पात्रता परीक्षा में चुने गए उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं माध्यमिक शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया के द्वारा विधानसभा के शून्यकाल के दौरान पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में सरकार ने ऐलान किया है कि जल्द ही शिक्षकों की लंबित पड़ी हुई दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया को शुरु किया जाएगा। सरकार की ओर से स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने विधानसभा में जवाब देते हुए बताया कि प्रदेश में 44 हजार 40 उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं 2 लाख 16 हजार 240 माध्यमिक शिक्षक पात्र हुए हैं।
विगत रोज सरकार ने इस संबंध में सत्यापन हेतु तारीखों का ऐलान भी कर दिया। उच्च माध्यमिक एवं माध्यमिक शिक्षक पद के अभ्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन अप्रेल के महीने में पूरा कर लिया जाएगा। सरकार ने बताया कि 1, 3, 5, 8, 9 एवं 10 अप्रेल 2021 को उच्च माध्यमिक शिक्षकों एवं 15, 16, 17 एवं 22, 23 व 24 अप्रेल 2021 को माध्यमिक शिक्षकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं माध्यमिक शिक्ष पद हेतु शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 के अंतर्गत फरवरी एवं मार्च 2019 में परीक्षा आयोजित की थी। जिसके परिणाम 28 अगस्त 2019 एवं 26 अक्टूबर 2019 को घोषित कर दिए गए थे। इस परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 1 जुलाई 2020 को शुरु करने के बाद कोरोना महामारी के चलते प्रक्रिया को रोक दिया था। पूरे प्रदेश में चयनित शिक्षक इस प्रक्रिया को शुरु करने और नियुक्ति देने के लिए आंदोलन कर रहे थे। पिछले दिनों छतरपुर जिले के चयनित शिक्षकों के द्वारा छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी को भी विधानसभा में मुद्दा उठाने के लिए ज्ञापन सौंपा गया था। चतुर्वेदी ने इसी ज्ञापन के आधार पर विधानसभा में आवाज उठाई। अब सरकार ने पुन:सत्यापन प्रक्रिया शुरु करने का ऐलान करते हुए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है।
Published on:
9 Mar 2021, 8:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.