4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एमपी-यूपी की सीमा पर बने लहचूरा बांध के 9 गेट खुले, 6 गांवों में कराई गई मुनादी

Lahchura Dam: लगातार बारिश से धसान नदी उफान पर, लहचूरा डैम के 9 फाटक खुले, 87,900 क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा।
2 min read
Google source verification
lahchura dam gates open

lahchura dam 9 gates open, लहचूरा बांध के 9 गेट खुले (Source-Patrika)

Chhatarpur Lahchura Dam: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित लहचूरा बांध में शुक्रवार को पानी की आवक बढ़ने के बाद बांध के 9 फाटक खोल दिए गए। सभी फाटकों को 2-2 मीटर खोलकर करीब 87,900 क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा गया। इसके अलावा 2,400 क्यूसेक पानी अर्जुन सहायक नहर में छोड़ा गया है।

लबालब हुआ लहचूरा बांध

लहचूरा बांध की अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है और बांध इस समय लबालब है। लगातार बारिश के साथ पहाड़ी बांध और सुखनई नदी का पानी भी लहचूरा बांध में पहुंच रहा है। पानी की आवक बढ़ने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई और अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए फाटक खोले गए। जिसके कारण धसान नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

छह गांवों में अलर्ट, मुनादी कराकर दी चेतावनी

धसान नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के छह गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन और सिंचाई विभाग की ओर से मुनादी कराकर ग्रामीणों, चरवाहों और मछुआरों को नदी के आसपास नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। लहचूरा बांध पर सिंचाई विभाग के कर्मचारी लगातार निगरानी रख रहे हैं। करीब दो-दो घंटे के अंतराल में बांध के जलस्तर की नाप कराई जा रही है, ताकि पानी की आवक और जलस्तर पर नजर रखी जा सके।

बारिश के पानी की लगातार हो रही आवक

लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामआसरे ने बताया कि मध्य प्रदेश क्षेत्र और आसपास के इलाकों में हो रही बारिश का पानी लगातार बांध में पहुंच रहा है। इससे बांध का जलस्तर बढ़ गया है। अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए 9 फाटक खोलकर धसान नदी में पानी छोड़ा गया है।

4 सितंबर 2026 तक छतरपुर जिले के विभिन्न केंद्रों में हुई बारिश का ब्योरा

  • छतरपुर: 661.6 मिमी / 26.0 इंच (गत वर्ष: 1493.8 मिमी / 58.8 इंच)
  • लवकुशनगर: 1007.0 मिमी / 39.6 इंच (गत वर्ष: 872.2 मिमी / 34.3 इंच)
  • बिजावर: 725.8 मिमी / 28.6 इंच (गत वर्ष: 1404.2 मिमी / 55.3 इंच)
  • नौगांव: 893.8 मिमी / 35.2 इंच (गत वर्ष: 1411.2 मिमी / 55.6 इंच)
  • राजनगर: 835.6 मिमी / 32.9 इंच (गत वर्ष: 1101.6 मिमी / 43.4 इंच)
  • गौरिहार: 1102.6 मिमी / 43.4 इंच (गत वर्ष: 1138.2 मिमी / 44.8 इंच)
  • बड़ामलहरा: 1066.0 मिमी / 42.0 इंच (गत वर्ष: 1434.8 मिमी / 56.5 इंच)
  • बक्सवाहा: 737.0 मिमी / 29.0 इंच (गत वर्ष: 866.1 मिमी / 34.1 इंच)

जिले की औसत वर्षा: 878.7 मिमी / 34.6 इंच (गत वर्ष: 1215.3 मिमी / 47.8 इंच)