28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बोरियों में बंद मिली मथुरा की 260 किलो चांदी , इस शहर के कारोबारियों से जुड़े हैं तार

धरमटेकड़ी चौकी और कुंडीपुरा थाना पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई, चार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

छिंदवाड़ा

•

image

P shanker G

•

Updated: 1 Aug 2018, 7:00 AM IST

260 kg silver seized

260 kg silver seized

छिंदवाड़ा. धरमटेकड़ी चौकी और कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार की दोपहर 12 बजे नरसिंहपुर नाका पर एक कार से बिना बिल की 260 किलो चांदी की पायल बरामद की। पायल कार की डिक्की में बोरियों में बंद थी। कार में सवार चार लोगों को कुछ ही देर में न्यायालय में पेश कर जेल भी भेज दिया गया। जब्त की गई पायल की कीमत करीब 63 लाख रुपए आंकी जा रही है जो उत्तरप्रदेश के मथुरा से छिंदवाड़ा लाई गई थी। यह चांदी की पायल शहर के सराफा व्यापारियों को सप्लाई की जानी थी।
पुलिस की कार्रवाई के बाद जब कार सवार चांदी का हिसाब न दे पाए तो पुलिस ने इनकम टैक्स तथा सेल्स टैक्स विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम ने आरोपियों से पूछताछ की, लेकिन आरोपियों ने कुछ नहीं बताया। मामले में टैक्स चोरी की भी आशंका है। अब बुधवार को जबलपुर वाणिज्यिक कर की टीम छिंदवाड़ा आकर मामले में पूछताछ करेगी।

रिंग रोड से नरसिंहपुर नाका तक किया पीछा
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को चांदी तस्करी की सूचना सुबह ही मिल गई थी। इसके बाद रिंग रोड से लेकर नरसिंहपुर नाका तक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। बताया जाता है कि पुलिसकर्मियों ने कार क्रमांक एमपी 20 सीजे 6929 को रिंग रोड पर रोकने का प्रयास किया था, कार सवार पुलिस को देख तेज रफ्तार में निकल गए। बाद में इसी कार को नरसिंहपुर नाका पर पकड़ा गया। पुलिस टीम में कुंडीपुरा टीआई प्रतीक्षा मार्को, धरमटेकड़ी चौकी प्रभारी सहदेव साहू समेत पुलिस स्टाफ शामिल था।

जेल पहुंचाने में पुलिस ने दिखाई फुर्ती
पुलिस ने दोपहर 12 बजे कार से चांदी की पायल जब्त की। इसके बाद पुलिस की फुर्ती देखने लायक थी। पुलिस ने शाम के पहले चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल पहुंचा दिया। इस दौरान किसी को भी मामले की भनक तक नहीं लग पाई। पुलिस की कार्रवाई पर भी संदेह पैदा हो रहा है कि पुलिस ने बगैर बिल की चांदी होने पर मामला दर्ज कर लिया, लेकिन यह जानने की प्रयास नहीं किया कि यह चांदी किस सराफा व्यापारी के पास जा रही थी। न ही आरोपियों की पुलिस रिमांड लेने न्यायालय में कोई आवेदन दिया।

शहर के सराफा व्यापारी थे सम्पर्क में
पुलिस ने कार में सवार शंकर पिता ओमप्रकाश महेश्वरी (42) निवासी आगरा उप्र, सचिन पिता राजेश गुप्ता (30) निवासी आगरा उप्र, सुनील पिता भगवानदास पाल (30) निवासी आगरा उप्र तथा आकाश पिता महेश प्रसाद मिश्रा (28) निवासी खमरिया गोसलपुर जबलपुर को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि चारों आरोपी पूर्व में भी लगातार छिंदवाड़ा आते रहे हैं। ये सभी शहर के कई सराफा व्यापारियों के सम्पर्क में रहे हैं। पुलिस ने जो कार जब्त की है वह आरटीओ में जबलपुर के पते पर शंकर महेश्वरी के नाम पर दर्ज है।

कई घंटें तक हुई चांदी की तुलाई
पुलिस को जब्त चांदी को तौलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसमें करीब तीन घंटे लगे। सूत्रों की मानें तो शहर के कुछ सराफा व्यापारियों से ऑर्डर लेकर चांदी की पायल सप्लाई की जानी थी, लेकिन सप्लाई करने से पहले ही चांदी की खेप पकड़ा गई। चांदी के साथ पकड़ाए आरोपियों से मिलने शहर के कुछ सराफा व्यापारी पहुंचे थे लेकिन तब तक पुलिस आरोपियों को जेल पहुंचा चुकी थी।