
छिंदवाड़ा. जिले के दो नगरीय निकाय में पार्षद और जनपद सदस्य उपचुनाव के मंगलवार को घोषित परिणाम में भाजपा का सूफड़ा साफ हो गया और कांग्रेस समर्थक प्रत्याशियों ने प्रतिद्वंदियों को मात देते हुए विजय हासिल की। मोहखेड़ की एक पंचायत में सरपंच पद के उपचुनाव के नतीजे भी घोषित हुए।
मिली जानकारी के अनुसार जुन्नारदेव नगरपालिका के वार्ड नं.13 के पार्षद उपचुनाव के नतीजे में राजेन्द्र कनौजिया इंडियन नेशनल कांग्रेस को 397(विजयी),निखिल साहू भाजपा 299,अब्दुल हफीज मंसूरी निर्दलीय 47और जगदीश मालवीया निर्दलीय को 16 वोट मिले। इसी तरह न्यूटनचिखली नगर पंचायत के वार्ड नं.12 के पार्षद चुनाव में अजय कुमार राय इंडियन नेशनल कांग्रेस 236 (विजयी) और भाजपा के दारासिंह भट्ट को 87 मत मिले। अमरवाड़ा जनपद पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 4 के सदस्य पद के चुनाव के परिणाम में भूपसिंह वर्मा को 2584 (विजयी)और हरिदास वर्मा को 2011 मत मिले।
भूपसिंह को कांग्रेस समर्थक माना जाता है। मोहखेड़ जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत लहगड़ुआ में सरपंच पद का उपचुनाव था। इसके घोषित नतीजे में तरुण गिरारे को 768 (विजयी)और देवाराम फरकारे को 678 वोट मिले। इन सभी उपचुनाव में मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग भी किया। इन इलाकों में चुनाव परिणाम आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थक सड़क पर जश्न मनाने उतर गए। विजय जुलूस भी निकालने का सिलसिला शुरू हो गया।