
इटावा के DM अवनीश कुमार राय अपने निजी वाहन से चित्रकूट के मंदिरों में दर्शन करने गए थे। वापस लौटते समय भरतकूप स्थित कान्हा इंडियन ऑयल लिमिटेड पेट्रोल पंप से कार के पेट्रोल टैंक को भरवाया। करीब 100 मीटर चलने के बाद गाड़ी बंद हो गई।
ड्राइवर ने गाड़ी के इंजन को चेक किया
ड्राइवर ने गाड़ी के इंजन को चेक किया। ड्राइवर को जांच में पता चला मिलावटी पेट्रोल की वजह से इंजन बंद हो गया। इसके बाद, अवनीश कुमार राय ने चित्रकूट के डीएम को जानकारी दी। पेट्रोल की गुणवत्ता की जांच के लिए लैब भेजने का निर्देश दिया।
पेट्रोल पंप से सैंपल लिया
डीएम अभिषेक आनंद के निर्देश पर, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार, इंस्पेक्टर दिलीप सिंह, और भरतकूप पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। रात के समय, दो मिस्त्रियों को बुलाकर कार के इंजन की जांच कराई गई, जिससे पता चला कि पेट्रोल टैंक से पेट्रोल की सप्लाई नहीं हो रही थी। पेट्रोल पंप पर पहुंचे अधिकारियों ने पंप संचालक भोला प्रसाद मिश्र समेत सभी कर्मचारियों से जांच की।
सैंपल फेल होने पर होगी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया, "चार नमूने लिए गए हैं और उन्हें जांचने के लिए लैब और कंपनी के सेल्स मैनेजर को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद, आगे की कार्रवाई होगी। ऑटोमेशन मशीन के कारण आजकल पेट्रोल डीजल में मिलावट संभव नहीं है। अभी तक कुछ कहा नहीं जा सकता है, लेकिन संभावना है कि डीएम के वाहन के टैंक में कोई कचरा फंसा होगा जिसके कारण यह समस्या हुई है, लेकिन सतर्कता से पूरी जांच जारी है। अगर सैंपल फेल हुआ तो पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।"
Updated on:
7 Dec 2023, 4:33 PM IST
Published on:
7 Dec 2023, 4:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.