
2019 की पिच पर जातिगत समीकरण साधने की कोशिश में जुटी भगवा ब्रिगेड डैमेज कंट्रोल की कवायद
चित्रकूट: 2019 की पिच पर विरोधियों को एक बार फिर चारो खाने चित्त करने की महत्वाकांक्षा लिए भगवा ब्रिगेड ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. खास बात यह कि अभी हाल ही में हुए एससी एसटी एक्ट संशोधन के विरोध में सवर्णों की लामबंदी ने भाजपा को कहीं न कहीं जातिगत समीकरण के ट्रैक पर रेड सिग्नल दिखलाया है जिसे भांपते हुए भगवा खेमे ने अब सवर्ण लॉबी को साधने की कोशिश शुरू कर दी है. कम से कम इस समय बुन्देलखण्ड में जहां जातिगत समीकरण काफी मायने रखता है वहां भाजपा ने लोकसभा व् विधानसभा स्तर पर जो प्रभारी संयोजक नियुक्त किए हैं उसे देखकर यही कहा जा सकता है. बुन्देलखण्ड में एक बार फिर 2014(लोकसभा) व् 2017(यूपी विधानसभा) चुनाव का प्रदर्शन दोहराने की चुनौती का सामना करती भाजपा के प्रदेश हाईकमान के रणनीतिकारों की बैठक कल 2 अक्टूबर को आयोजित की गई है जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भगवा खेमा अब 2019 को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं.
डैमेज कण्ट्रोल की कवायद
एससी एसटी एक्ट संशोधन के बाद सामान्य पिछड़ा वर्ग द्वारा सड़क से लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर आलोचनाओं व विरोध का स्वर सुन रही भाजपा अब 2019 को लेकर जातिगत समीकरण के आधार पर डैमेज कण्ट्रोल की बिसात पर चल पड़ी है. पार्टी ने बुन्देलखण्ड में चित्रकूट बांदा, हमीरपुर महोबा लोकसभा क्षेत्र तथा चित्रकूट की कर्वी व् मऊ मानिकपुर विधानसभा व् बांदा की नरैनी विधानसभा क्षेत्र में जिन प्रभारियों व् संयोजकों की नियुक्ति की है वे सामान्य वर्ग से हैं. यह जानते हुए कि इन चुनावी क्षेत्रों में सवर्ण वोटरों की निर्णायक भूमिका रहती है भाजपा ने अपने स्तर से मास्टर स्ट्रोक खेल दिया है. पुरुषोत्तम पाण्डेय, बालमुकुंद शुक्ला, दिनेश तिवारी, अर्जुन शुक्ला, श्रवण तिवारी, संतोष चौरसिया, राजेंद्र पटेल जैसे जमीनी कार्यकर्ताओं को पार्टी ने लोकसभा संयोजक व् प्रभारी की जिम्मेदारी दी है. चित्रकूट के पार्टी जिलाध्यक्ष भी वर्तमान विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय हैं.
सुनील बंसल टटोलेंगे नब्ज
संगठनात्मक कार्यकलापों का जायजा लेने मंगलवार 2 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल बांदा आ रहे हैं जहां पार्टी के सभी पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई है. बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक क्या तैयारियां हो रही हैं इसका ब्यौरा तो लिया ही जाएगा साथ ही पदाधिकारियों के काम काज व बदलते माहौल पर भी हाईकमान की नजर रहेगी. पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होने की संभावना है प्रदेश संगठन मंत्री के साथ.
Published on:
01 Oct 2018 04:51 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्रकूट
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
