चित्रकूट. वीरों की धरती बुन्देलखण्ड में दंगल की परम्परा काफी पुरानी है। वर्ष भर बुन्देलखण्ड में दंगल की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहती हैं। एक तरह से कहा जाए तो बुन्देलखण्ड ने आज के आधुनिक युग में लुप्त होते इस पारंपरिक खेल को जिंदा रखा है। बुन्देली युवा भी अपनी इस परम्परागत विधा को सहेजने में खासी भूमिका निभा रहे हैं। अखाड़े में पहलवानों के दांव पेंच का कुछ ऐसा ही प्रदर्शन हुआ जनपद के मऊ थाना क्षेत्र में आयोजित अन्तर्राज्जीय दंगल प्रतियोगिता में जहां पहलवानों ने अपने उस्तादों द्वारा सिखाए कुश्ती के दांव पेंच से सामने वाले पहलवान को पटखनी देते हुए विजयश्री हासिल की। चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, इलाहाबाद, गोरखपुर आदि जनपदों के दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने अखाड़े में अपनी किस्मत आजमाई।