
चित्रकूट. सलाखों के पीछे कैद यूपी एमपी के सीमावर्ती इलाकों के कुख्यात डकैत नवल धोबी गैंग के एक डकैत ने युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने वाला डकैत कुछ दिन पहले जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था। दस्यु सरगना नवल के साथ मिलकर उक्त डकैत ने कई संगीन वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस गोली मारने वाले दस्यु की तलाश कर रही है।
सीमावर्ती इलाकों में खौफ की इबारत लिखने वाले दस्यु सरगना नवल धोबी के साथी डकैत ने एक युवक के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए उसे गोली मार दी। घटना जनपद के सीमावर्ती सतना जनपद (मध्य प्रदेश) के नया गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत दस्यु प्रभावित गांव लालापुर की है।
घर से बुलाकर मारी गोली
घटना की जानकारी के मुताबिक दस्यु नवल का साथी डकैत शिब्बू नया गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापुर गांव के संता नाम के युवक के घर देर रात अपने एक अन्य साथी के साथ पहुंचा। संता को घर से बुलाकर दस्यु शिब्बू उससे कुछ बातें करने लगा और इसी दौरान उसने तमंचे से संता को गोली मार दी। गोली संता के पेट में पैवस्त (लग गई) हो गई। फायर की आवाज सुनकर आस पास के ग्रामीण और संता के घरवाले बाहर निकले तब तक दस्यु शिब्बू अपने साथी कल्ली के साथ बाइक से भाग निकला। घटना की सूचना पर नया गांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पास के जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया। डकैत की तलाश शुरू कर दी गई है।
नवल के साथ दिया कई वारदातों को अंजाम
युवक को गोली मारने वाले डकैत शिब्बू ने अपने सरगना दस्यु नवल के साथ मिलकर अपहरण लूट जैसी कई संगीन वारदातों को अंजाम दिया है। एक साल पहले नवल के साथ मिलकर उसने सीमावर्ती एक गांव से दो भाईयों का अपहरण कर लिया था और फिर फिरौती लेकर गैंग ने दोनों को मुक्त किया था। उक्त मामले में शिब्बू को जेल भेजा गया था। दो महीने पहले ही वह जमानत पर छूटकर बाहर आ गया। अवैध शराब के गोरखधंधे में इस डकैत का काफी दखल माना जाता है सीमावर्ती इलाकों में।
Published on:
17 Mar 2018 06:33 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्रकूट
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
