8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कई मौतों से सहमा दर्दनाक चित्रकूट, सड़क हादसों में तीन मासूमों सहित चार की मौत

तेज रफ़्तार अनियंत्रित वाहन लगातार घरों की खुशियों पर काल के प्रहार के रूप में सामने आ रहे हैं।

2 min read
Google source verification
chitrakoot

चित्रकूट. तेज रफ़्तार अनियंत्रित वाहन लगातार घरों की खुशियों पर काल के प्रहार के रूप में सामने आ रहे हैं। वाहन चालकों की अपरिपक्वता जिंदगियों पर भारी पड़ रही है तो वहीँ सड़क किनारे स्थित बस्तियों में रहने वाले बाशिंदों द्वारा लापरवाही से सड़क पर चलना पार करना उन्हें महंगा पड़ रहा है। कुल मिलाकर किसी भी स्तर पर सड़क से लेकर यातायात के नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा है। जनपद में पिछ्ले एक हफ्ते के दौरान दर्जन भर लोग अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में काल के गाल में समा गए। हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ऐसे ही अलग अलग दर्दनाक सड़क हादसों में तीन मासूमों सहित चार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।

तेज रफ़्तार वाहनों व लापरवाही ने तीन मासूमों को असमय मौत की आगोश में पहुंचा दिया। मृतकों की मां बदहवास हालत में अपने बुझ चुके चरागों को तलाश रही हैं।

पिकअप ने मारी टक्कर

जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बसहर गांव में उस समय एक दर्दनाक हादसा हो गया जब एक तेज रफ़्तार पिकअप ने 5 वर्षीय मासूम(यूनुस) को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी के मुताबिक यूनुस अपनी बहन के साथ पैदल घर जा रहा था कि पीछे से आई तेज रफ़्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। चीख पुकार मचने पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल यूनुस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारकर भाग रहे पिकअप को चालक सहित पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया।

मासूम को बोलेरो ने रौंदा

दूसरी घटना भी पहाड़ी थाना क्षेत्र के बसहर गांव में लगभग दो घण्टे बाद हुई। तेज रफ़्तार बोलेरो ने एक 10 वर्षीय बालक(पप्पू) को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पप्पू सड़क किनारे अपने खलिहान के पास मौजूद था कि सामने से आ रही तेज रफ़्तार बोलेरो ने उसे कुचल दिया और उसकी मौत हो गई। बोलेरो सहित चालक फरार हो गया। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।

बोलेरो ने बालिका को रौंदा

तीसरी घटना जनपद के राजापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनपुर गांव के पास हुई। तेज रफ़्तार अनियंत्रित बोलेरो ने 10 वर्षीय बालिका लक्ष्मी को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी अपनी बुआ के घर अर्जुनपुर आई थी। सड़क किनारे खड़े होने के दौरान तेज गति से आ रही बोलेरो ने उसे कुचल दिया और उसके प्राण पखेरू उड़ गए। बालिका की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामे का भी प्रयास किया लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। घटना के बाद चालक बोलेरो सहित भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत

जनपद के बरगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ़्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मऊ थाना क्षेत्र की निवासी गीता देवी अपने पति व् पुत्र के साथ बाइक से इलाहाबाद इलाज के लिए गई थी। वापस लौटते समय बरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगढ़ ग्लास फैक्ट्री के पास सामने से आ रहे तेज रफ़्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।