
पति को मौत के घाट उतारने वाली कातिल पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
चित्रकूट. पति को बेरहमी से मौत के घाट उतारने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने उस समय बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया जब दोनों भागने की फिऱाक में बस का इंतजार कर रहे थे। कातिल महिला और उसके प्रेमी ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए जब कत्ल की पूरी दास्तां बताई तो खाकी के भी होश उड़ गए और जिसने भी इस लव सेक्स और धोखे की। ये दिल दहला देने वाली कहानी सुनी उसके रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है। वहीँ क्षेत्र में हर कोई कातिल पत्नी और उसके प्रेमी को इस तरह की जघन्य वारदात को अंजाम देने के लिए कोस रहा है। महिला और उसके प्रेमी की तलाश में पुलिस की तीन टीमों को छतीसगढ़, पंजाब और गुजरात भेजा गया था।
यह था पूरा मामला
जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहदा गांव में विगत 7 जुलाई 2018 को एक घर में जमीन के अंदर गड़ा हुआ एक शव जो काफी पुराना होने के कारण नरकंकाल में तब्दील हो चुका था पुलिस को बरामद हुआ। फूलचन्द्र नाम के व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके घर में जमीन के अंदर कुछ गड़ा हुआ है जिसपर पुलिस ने खोदाई करते हुए नरकंकाल बरामद किया। नरकंकाल(शव) के पास मिले कपड़ों और माला आदि से फुलचंद्र ने उसकी पहचान अपने भाई शिवलोचन के रूप में की। पूरा मामला हत्या किए जाने के शक में उलझ गया और मृतक (शिवलोचन) के भाई ने हत्या का शक जताते हुए शिवलोचन की पत्नी माया और प्रेमी टुल्लू लोध के नाम थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
लिखी गई जुर्म की दास्तां
पूरी वारदात लव सेक्स और धोखे की बिसात पर अंजाम दी गई. चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहदा गांव निवासी 38 वर्षीय शिवलोचन ने छत्तीसगढ़ के विलासपुर से माया नाम की महिला को अपनी जीवन संगिनी बनाया। शिवलोचन क्षेत्र में ही रहकर वाहन चालक का काम करता था इसलिए उसे कई कई दिन घर से बाहर भी रहना पड़ता था। गांव के टुल्लू लोध नाम के व्यक्ति से शिवलोचन की मित्रता थी और उसका उसके घर आना जाना लगा रहता था। इसी बीच शिवलोचन की पत्नी माया का टुल्लू से अवैध सम्बन्ध हो गया और फिर जुर्म की दास्तां लिखने की साजिश शुरू हुई।
फोटो देखने पर आग बबूला हुआ शिवलोचन
गैर मर्द के साथ नाजायज रिश्ते में अंधी हो चुकी पत्नी माया के बदले चाल चलन ने पति शिवलोचन के साथ रिश्तों में ज़हर घोल दिया। पत्नी के बदले चाल चलन से शक की चिंगारी भड़कनी शुरू हो गई और आए दिन पति पत्नी के बीच तू तू मैं होने लगी। इस दौरान साजिश के तहत माया ने अपनी सास चुनकी को लड़ाई झगड़ा करते हुए घर से निकाल दिया। इस बीच एक दिन नवम्बर 2017 में माया और टुल्लू की साथ खिंचवाई हुई फोटो शिवलोचन(माया का पति) के हांथ लग गई और फिर शक की चिंगारी ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया।
पत्नी को पीटा तो पत्नी ने बदला लेते हुए किया कुछ ऐसा कि..
अपने दोस्त के साथ अपनी पत्नी की फोटो देख आग बबूला हुए शिवलोचन ने जब पत्नी माया से इस बारे में बातचीत की तो दोनों के बीच तकरार हो गई और शिवलोचन ने माया को लाठी से पीट दिया। पिटाई से क्रोधित और सच्चाई उजागर होने पर माया ने उसी रात पति को रास्ते से हटाने की साजिश अंदर ही अंदर रच डाली और फिर अपने प्रेमी टुल्लू को पूरी बात बताई, जिस पर दोनों ने मिलकर एक खतरनाक प्लान तैयार किया।
पति को प्रेमी के साथ पीट पीट कर उतारा मौत के घाट
पुलिस की गिरफ्त में आई महिला माया और उसके प्रेमी टुल्लू ने अपना जुर्म क़ुबूल करते हुए पुलिस को दिल दहला देने वाली कहानी बताई। माया ने पुलिस को बताया कि पति द्वारा उसकी पिटाई करने पर उसने उसी रात अपने प्रेमी टुल्लू लोध को घर बुलाया और पति शिवलोचन को लाठी से पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया। तड़प-तड़प कर जब पति ने दम तोड़ दिया तो दोनों ने फावड़े से घर के अंदर ही कच्ची जमीन में गड्ढा खोदा और शिवलोचन की लाश को उसी में दफन कर दिया। माया ने पुलिस को बताया कि शव दफन करने के बाद गड्ढे को ढंकते हुए उसे मिट्टी से लीपते हुए बिल्कुल चिकना कर दिया गया ताकि किसी को जमीन के अंदर कुछ गड़ा होने का शक न हो। लाठी(जिससे पीटा गया) को चूल्हे में जला दिया गया और फावड़े को घर में छिपा दिया।
प्रेमी भागा मुम्बई और महिला चली गई मायके
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद माया का प्रेमी टुल्लू मुंबई चला गया और माया 20-25 दिन बाद अपने मायके विलासपुर(छत्तीसगढ़) चली गई। इस दौरान माया से जब कोई उसके पति शिवलोचन के बारे में पूछता तो वह कहती कि वह बाहर रहकर कमाता है। माया ने मायके जाने से पहले अपनी सास को घर की चाभी दे दी थी। इधर, जून 2018 में माया अपने प्रेमी टुल्लू के पास मुंबई चली गई। जब 7 जुलाई 2018 को शिवलोचन का नरकंकाल उसके घर में जमीन के अंदर से बरामद हुआ तो पूरे घटनाक्रम को लेकर उसकी पत्नी माया प्रथम दृष्टया शक के घेरे में थी परिजनों और पुलिस दोनों के। माया और उसके प्रेमी को चित्रकूट के कर्वी बस स्टैंड से रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया दोनों भागने की फिऱाक में थे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
15 Jul 2018, 8:05 PM IST
बड़ी खबरें
View Allचित्रकूट
उत्तर प्रदेश




