13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीहड़ में बबुली गिरोह को तलाश रहे आईजी, दिनदहाड़े SDO का अपहरण कर डकैतों ने मांगी 50 लाख की फिरौती

चित्रकूट बॉर्डर पर रिटायर्ड एसडीओ सहित तीन लोगों के अपहरण के बाद लवलेश और बबली कोल गिरोह के खिलाफ खुद आईजी उमेश जोगा ने मोर्चा संभाल लिया है...

2 min read
Google source verification
Police search abhiyan in beehad

बीहड़ में बबुली को तलाश रहे आईजी, दिनदहाड़े SDO का अपहरण कर डकैतों ने मांगी 50 लाख की फिरौती

चित्रकूट. चित्रकूट बॉर्डर पर रिटायर्ड एसडीओ सहित तीन लोगों के अपहरण के बाद लवलेश और बबली कोल गिरोह के खिलाफ खुद आईजी उमेश जोगा ने मोर्चा संभाल लिया है। इस गिरोह ने मंगलवार को वन विभाग के रिटायर्ड एसडीओ रामाश्रय पांडेय और क्लर्क सहित तीन लोगों का दिन-दहाड़े अपहरण कर लिया था। गिरोह ने 50 लाख की फिरौती मांगी है। अपह्रत लोगों की तलाश में पुलिस जंगलों की खाक छान रही है।

रिटायर्ड एसडीओ रामाश्रय पांडेय शहडोल (मध्य प्रदेश) के ब्यौहारी के निवासी हैं। अपने दो साथियों के साथ वह चित्रकूट दर्शन के लिए आ रहे थे। चित्रकूट बॉर्डर पर डकैतों ने उनका अपहरण कर लिया। डकैतों के चंगुल से बचकर भागे रंगलाल मवासी नाम के मज़दूर ने मझिगवां पहुंच कर पुलिस को सूचना दी, तब अपहरण का पता चला। इस सनसनीखेज वारदात के बाद रीवा रेंज के आईजी उमेश जोगा खुद दल-बल के साथ जंगलों में बदमाशों की तलाश कर रहे हैं। खुफिया सूचना पर पुलिस चित्रकूट (यूपी व एमपी) के सीमाई क्षेत्रों के बियावान जंगलों में डकैतों की तलाश कर रही है। इससे पहले भी रविवार को मध्य प्रदेश और चित्रकूट पुलिस ने साढ़े पांच लाख के इनामी कुख्यात डकैत बबुली कोल की तलाश में सीमावर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया था।

गैंगवार से हड़कम्प
दस्यु सरगना बबुली कोल और उसके दाहिना हाथ कहे जाने वाले एक लाख के इनामी डकैत लवलेश कोल के बीच पिछले गुरुवार को गैंगवार की खबर ने खाकी को भी चिंता में डाल दिया है। हालांकि, सीधे तौर पर पुलिस गैंगवार की बात से तो इनकार कर रही है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस घटना की जानकारी पुलिस को अंदरखाने के सूत्रों द्वारा मिली है। बीहड़ के सूत्रों के मुताबिक पिछले गुरुवार को चित्रकूट के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के घाटा कोलान गांव में बबुली और उसके खास सिपहसलार लवलेश के बीच जमकर गाली गलौज और फायरिंग हुई। सूत्रों के मुताबिक, दुर्गा पूजा के दौरान दोनों डकैतों में पैसों को लेकर अनबन हुई फिर गोलीबारी। अब दोनों अलग-अलग गैंग बनाकर बीहड़ में विचरण कर रहे हैं, ऐसा इनपुट पुलिस को भी मिल रहा है।

पुलिस की मदद करें ग्रामीण
पड़ोसी जनपद सतना (मध्य प्रदेश) के एसपी संतोष कुमार ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में जनता से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उनसे पुलिस की मदद करने की अपील की जा रही है। डकैतों की लोकेशन की जानकारी मिलने पर लगातार कॉम्बिंग जारी है। चित्रकूट एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि डकैतों के खिलाफ पुलिस का सर्च ऑपरेशन तो जारी है, लेकिन बबुली व लवलेश के बीच गैंगवार की जानकारी नहीं है। ऐसी कोई घटना नहीं हुई।