राजस्थान पंचायती राज सेवा परिषद के आह्वान पर पंचायत समिति में पंचायतराज कार्मिकों की ओर से दिया जा रहा धरना शुक्रवार को १७वें दिन भी जारी रहा। संगठन के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार की दमनकारी नीतियों का खुलकर विरोध किया तथा नारेबाजी की। उन्होने कहा कि प्रदेश की ग्रामीण जनता व्यक्तिगत योजनाओं और छोटे-मोटे कार्यो के लिए भटक रही है लेकिन एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है। सरकारी की गुरु गोवलकर, एसएफसी, एफएफसी जैसी महत्वांकाक्षी योजनाओं का कार्यभी ठप है। अगले सप्ताह आचार संहिता लगने पर इनकी स्वीकृतियां भी अटक जाएंगी। वक्ताओं ने कहा कि आगामी दो अक्टूबर को जयपुर में कर्मचारी महा आक्रोश रैली आयोजित करेंगे जिसमें विकास अधिकारी, पीईओ व वीडीओ सरकार को इस्तीफे सौंपेंगे। धरने पर जिला मंत्री आनंद शर्मा, बीरबल धारीवाल, महावीर स्वामी, ओमप्रकाश गौड़, प्रेमसिंह, भंवरलाल सैनी, सुरेश सैनी, गिरधारीलाल, भंवरलाल स्वामी, कुलवंत भाकर,धनराज चौहान, बनवारी प्रजापत, बाबूलाल, लादुसिंह आदि कार्मिक बैठे।