चूरू. पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीयू) मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डा. शिवलाल सोलंकी ने इस्तीफा दे दिया है। लेकिन चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभी तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। यह चर्चा पिछले कई दिनों से चिकित्सा महकमे में चल रही थी लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो रही थी। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक बचनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रिंसिपल डा. शिवलाल सोलंकी ने इस्तीफा भेजा है लेकिन अभी तक मंजूर नहीं किया गया। इस्तीफे को लेकर उच्च अधिकारियों से विचार विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने इस्तीफा देने का कारण पारिवारिक परिस्थति बताया है। वहीं प्रिंसिपल डा. सोलंकी ने बताया कि उनका स्वास्थ्य सही नहीं चल रहा है। इसके कारण उन्होंने सरकार व निदेशालय को इस्तीफा भेजा है। उन्होंने १० अगस्त २०१८ को कार्यभार ग्रहण किया था।