पुलिस ने गश्त के दौरान हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब सहित कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि एक फरार होने में सफल हो गया। थानाधिकारी महेन्द्रदत्त शर्मा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से गठित स्पेशल टीम ने ये कार्रवाई की। पुलिस ने जब्त शराब की अनुमानित कीमत एक लाख रुपए आंकी है। एएसआई जोगेन्द्र सिंह ने मयपुलिस दल राष्ट्रीय राजमार्ग-५२ पर स्थित गांव लुटाणा के पास गश्त के दौरान हिसार की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया। लेकिन चालक नाकाबंदी को तोड़कर सादुलपुर की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया। कार में सवार एक आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक सीकर के थाना दादिया अन्तर्गत गांव कुदन निवासी ओमसिंह को गिरफ्तार कर लिया तथा कार की तलाशी लेने पर कार में ५५ कार्टन हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब भरी थी। फरार आरोपी अजयसिंह को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने अवैध शराब सहित कार जब्त कर लिया तथा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।