
राज्य स्तरीय टीम जायजा लेने पहुंची अस्पताल, सामने आई ये हकीकत
चूरू.
कायाकल्प कार्यक्रम पुरस्कार 2018 के तहत राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल में राज्य स्तरीय टीम ने सभी वार्डों में साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। महिला एवं शिशु अस्पताल के एफबीएनसी यूनिट के पास कमरे में भर्ती मरीजों के बेड पर बेडशीट नहीं देख निरीक्षण अधिकारी बोले कि अस्पताल में बेडशीट नहीं है क्या। इस पर संबंधित कर्मचारियों ने कहा कि बेटशीट की कुछ कमी है। इसके अलावा टीम ने साफ-सफाई की कमियों पर कड़ा ऐतराज जताया।
स्टेट टीम में डीएमएचएस के स्टेट नोडल अधिकारी डा. देवेन्द्र शर्मा व डा. वेदप्रकाश शामिल थे। दोनों सदस्यों ने सुबह साढ़े 10 बजे निरीक्षण शुरू किया और शाम साढ़े छह बजे तक अस्पताल की हर गतिविधि का जायजा लिया। ब्लड बैंक में टीम संतुष्ठ नजर आई।
निरीक्षण के दौरान टीम जिस तरह कमियां निकाल रही थी उससे तो नहीं लगता कि अस्पताल इस बार कायाकल्प में पास हो पाएगा। इस दौरान अस्पताल के अधीक्षक डा. जेएन खत्री, उप नियंत्रक डा. रवि अग्रवाल, स्वास्थ्य प्रबंधक अनुज शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक कैलाश सैनी, हरिबाबू मीणा, भंवरलाल वर्मा आदि मौजूद थे। गौरतबल है कि अंतर जिला पीयर असेसमेंट अस्पताल को 81 प्रतिशत अंक मिले थे।
Published on:
25 Oct 2018, 1:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.