
Rishabh Pant replacement Indian Premier league 2023: दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने चोटिल ऋषभ पंत की जगह बंगाल के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को टीम में चुना है। पोरेल को साइन करने की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन यह चयन दिल्ली में लगे एक सप्ताह के कैंप में हुए अभ्यास मैचों से हुआ है।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार पोरेल के साथ शेल्डन जैक्सन, लवनिथ सिसोदिया और विवेक सिंह को मैच अभ्यास कराया गया था, जिसमें दिल्ली के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट सौरव गांगुली और प्रमुख कोच रिकी पोंटिंग की उन पर पिछले एक सप्ताह से नजर थी।
दिल्ली ने पोरेल के बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट सीजन में उनके प्रदर्शन को देखते हुए लिया है, जहां उन्होंने ग्लव्स से तो उम्दा प्रदर्शन किया लेकिन बल्ले से बड़े स्कोर नहीं बना पाए। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के तीन मैचों में उनके नाम 22 रन हैं, जिसमें एक मैच में उन्होंने नाबाद 20 रन बनाए थे। वहीं प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 26 पारियों में छह अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें 73 रन सर्वश्रेष्ठ है।
पोरेल के अभी भी बैकअप विकेटकीपर होने की संभावना है क्योंकि फ्ऱैंचाइजी सरफराज खान को इस रोल के लिए आजमा रही है। पिछले तीन सीजन से सरफराज घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त फॉर्म में हैं। साथ ही वह उन दो ही खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में दो बार 900 से अधिक रन बनाए हैं (2019-20 और 2021-22)। इस बार भी उन्होंने छह पारियों में 556 रन बनाए।
पिछले साल नवंबर में मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले सरफराज को दिल्ली ने पिछले साल 20 लाख बेस प्राइज में लिया था। उन्होंने छह मैच खेले और 91 रन बनाए, जहां नाबाद 36 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल है।
दिसंबर में जब पंत कार एक्सीडेंट में चोटिल हुए तब से ही सरफराज को फ्ऱैंचाइजी ने विकेटकीपिंग के रोल के लिए तैयार रहने को कह दिया था। मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए वह यह रोल निभाते आए हैं। दिल्ली के पास पोरेल के अलावा एक और विकेटकीपर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं जिन्हें इस साल दो करोड़ में लिया गया था, लेकिन बांग्लादेश में हुई सफेद गेंद की सीरीज में वह जूझते दिखे थे। उनके पास 180 टी20 मैचों की अनुभव है, जहां उन्होंने शीर्ष क्रम पर 149.79 के स्ट्राइक रेट से 4118 रन बनाए हैं।
दिल्ली के लिए शीर्ष तीन बल्लेबाज डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ और मिचेल मार्श हैं, जिनके लगातार मैच खेलने की संभावना है, ऐसे में दिल्ली को एक मध्य क्रम का विकेटकीपर चाहिए जिसकी वजह से सरफराज के पास एडवांटेज है। दिल्ली को अपना पहला मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उनके घर में एक अप्रैल को खेलना है।
Updated on:
30 Mar 2023, 3:20 PM IST
Published on:
30 Mar 2023, 2:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.