
पूर्व भारतीय कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (photo - BCCI)
Ajinkya Rahane, Mumbai vs Vidarbha Quarter Final, Syed Mushtaq Ali Trophy 2024: पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे इस समय भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में वे डोमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल रहे हैं। यहां रहाणे का बल्ला जमकर बोल रहा है और वे इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार शतक से चूक गए हैं।
आलूर के केएससीए स्टेडियम में मुंबई और विदर्भ के बीच खेले जा रहे चौथे क्वार्टरफाइनल मुक़ाबले में रहाणे ने 45 गेंद पर 10 चौके और तीन छक्के की मदद से 84 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 186.67 का रहा। यह उनका इस सीजन का चौथा और टी20 करियर का 47वां अर्धशतक था। रहाणे की इस बेहतरीन पारी की दम पर मुंबई ने 222 रनों का बड़ा लक्ष्य चेज़ करते हुए विदर्भ को छह विकेट से हरा दिया। रहाणे को उनकी इस बेहतरीन पारी के लिए फिर से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह उनका लगातार दूसरा प्लेयर ऑफ द मैच था।
रहाणे बेहतरीन फॉर्म में हैं और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में जमकर रन बना रहे हैं। रहाणे ने अबतक इस टूर्नामेंट में 7 मैचों की छह पारियों में 55.66 की बेहतरीन औसत से 334 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 168 का रहा है। आंध्रा के खिलाफ रहाणे ने 54 गेंद पर 95 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। वहीं लीग मुकाबलों में उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ 34 गेंदों पर 52 रन और केरल के खिलाफ 35 गेंद पर 68 रनों की आतिशी पारी खेली थी।
रहाणे का बेहतरीन फॉर्म कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के लिए अच्छा संकेत है। केकेआर ने उन्हें मेगा ऑक्शन में बेस प्राइज़ 1.50 करोड़ में खरीदा है। उनके पास लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स (RR), भारतीय क्रिकेट टीम और मुंबई की कप्तानी करने का अनुभव है। ऐसे में केकेआर उन्हें आईपीएल 2025 के लिए टीम का कप्तान भी बना सकती है।
मैच की बात करें तो विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अथर्व तैदे के 41 गेंद पर 66, अपूर्व वानखेड़े के 33 गेंद पर 51 और अंत में शुभाम दुबे के 19 गेंद पर ताबड़तोड़ नाबाद 43 रनों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट खोकर 221 रन बनाए। जवाब में अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शॉ और सुर्यंश शेज की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से मुंबई ने 19.2 ओवर में चार विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसी के साथ मुंबई ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
Updated on:
11 Dec 2024 05:13 pm
Published on:
11 Dec 2024 05:09 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
