
Akash Deep Stats and Records: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। अब तीसरा मुकाबला 15 फरवरी से राजकोट में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शेष तीन टेस्ट के भारतीय टीम स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। विराट कोहली निजी कारणों के चलते टीम से बाहर हैं तो केएल राहुल और रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है। भारतीय चयनकर्ताओं ने पहली बार आकाश दीप को भी टीम में शामिल किया है, जो इस सीरीज में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर सकते हैं। तेज गेंदबाज आकाश दीप एक डोमेस्टिक मैच में 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं। आइये जानते हैं उनके बारे में।
27 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज आकाश दीप का जन्म बिहार में हुआ था। वह आईपीएल में आरसीबी के अलावा रेस्ट ऑफ इंडिया और घरेलू क्रिकेट में बंगाल टीम के लिए खेल चुके हैं। आकाश दीप ने आईपीएल डेब्यू 2022 में किया था। घरेलू क्रिकेट में उनके नाम एक ही मैच में एक बार 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
आकाश दीप का घरेलू क्रिकेट करियर
आकाश दीप के घरेलू क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 29 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने सिर्फ 3.04 की इकॉनमी और 23.18 के औसत से 103 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट की पारी में चार बार 5 विकेट हॉल लिया है। इसके साथ एक मैच में 10 विकेट भी ले चुके हैं।
यह भी पढ़ें : धोनी ने लीडरशिप को लेकर दिया सफलता का अचूक गुरुमंत्र, आपके भी आएगा काम
इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ 3 मैच में चटकाए 13 विकेट
प्रथम श्रेणी के अलावा आकाश दीप 28 लिस्ट-ए मैच भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने 24.50 के औसत और 30.4 के स्ट्राइक रेट से 42 विकेट अपने नाम किए हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। आकाश दीप ने इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ 3 मुकाबलों में 13 विकेट चटकाए थे। भारतीय टीम में चुना जाना उसी का इनाम है।
आकाश दीप का आईपीएल करियर
आकाश दीप के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 27 मार्च 2022 को पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने सिर्फ 7 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें 11.08 की इकॉनमी और 44 के औसत से 6 विकेट झटके हैं। आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 45 रन देकर 3 विकेट लेना है।
यह भी पढ़ें : इंग्लैंड के खिलाफ शेष तीन टेस्ट के लिए टीम इंडिया का ऐलान, कोहली बाहर
Updated on:
10 Feb 2024, 12:55 PM IST
Published on:
10 Feb 2024, 12:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.