
नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ सोमवार को दूसरे टेस्ट मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले दिग्गज गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने अपने करियर के 300 टेस्ट विकेट भी पूरे किए। अश्विन ने कहा वह इस आंकड़े को 'डबल' करना चाहते हैं अब उनका लक्ष्य 600 विकेट लेना है। बता दें भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट अनिल कुंबले (619) ने लिए है। एक इंटरव्यू में अश्विन कह चुके है की वो भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले का सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड नहीं तोडना चाहते। तो क्या अश्विन अपने आंकड़े को डबल करने के बाद सन्यास ले लेंगे?
डेनिस लिली को पछाड़ा
विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में सोमवार को खेले गए मैच में अश्विन सबसे तेजी से करियर के 300 विकेट पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अश्विन ने 54वें टेस्ट मैच में यह आंकड़ा छुआ है। इस सूची में अश्विन ने आस्ट्रेलिया के दिग्गज डेनिस लिली को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है। अश्विन ने 54 टेस्ट मैचों में 300 विकेट पूरे किए हैं, वहीं लिली ने 56 टेस्ट मैचों में 300 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया था।अश्विन ने कहा, "मैं उम्मीद कर रहा हूं कि 300 विकेट की इस उपलब्धि को मैं 600 विकेट में तब्दील कर सकूं। मैंने अभी केवल 54 टेस्ट मैच ही खेले हैं। स्पिन गेंदबाजी उतनी आसान नहीं है, जितनी यह नजर आती है।"दूसरे टेस्ट से पहले अश्विन को 300 विकेट पूरे करने के लिए आठ विकेट और लेने थे, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में हासिल किए।
54 मैचों में 300 विकेट लिए
भारतीय टीम ने विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका को एक पारी और 239 रनों से हरा दिया। इस टेस्ट मैच में अश्विन ने कुल आठ विकेट लिए और 300 विकेट पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की। केवल इतना ही नहीं। अश्विन ने सबसे तेजी से 300 विकेट पूरे करने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में अनिल कुंबले को पछाड़ा है। कुंबले ने 66 मैचों में 300 विकेट लिए थे, जो अश्विन ने 54 मैचों में हासिल किए हैं। अश्विन ने कहा, "इसमें काफी मेहनत लगती है। मैंने और रवींद्र जड़ेजा ने काफी गेंदबाजी की थी। टीम की ओर से हाल ही में मिले ब्रेक से हमें श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए तरोताजा होने में काफी मदद मिली।
Updated on:
27 Nov 2017, 4:05 PM IST
Published on:
27 Nov 2017, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.