
Asia Cup 2018: मुकाबलों के लिए दुबई पहुंची भारतीय टीम, खलील अहमद का दिखा खास अंदाज
नई दिल्ली। इंग्लैंड में लम्बे दौरे के खत्म होने के बाद अब सभी नजरे यूएई में होने वाले एशिया कप 2018 पर हैं, जहां विराट कोहली की गैर मौजूदगी में रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट टीम की कमान सौपीं गयी है। विराट को लम्बे और थका देने वाले दौरे के बाद आराम दिया गया है। इंग्लैंड में भारत के लिए खेलने वाले कई खिलाड़ियों को एशिया कप में आराम दिया गया है और कुछ खिलाड़ी जैसे मनीष पांडेय, केदार जाधव और अम्बाती रायडू को टीम के साथ जोड़ा गया है। टीम इंडिया दुबई के लिए रवाना हो गई है और आशा है कि वह ट्रॉफी के साथ भारत लौटेगी साथ ही चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को भी धूल चटाएगी।
खिलाड़ियों ने फ्लाइट से शेयर की तस्वीरें-
भारतीय टीम 13 सितम्बर को शाम को दुबई के लिए रवाना हुई है। कई खिलाड़ियों ने फ्लाइट से तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं। केदार जाधव, कुलदीप यादव और यजुवेंद्र चहल ने टीम के खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेकर अपने अकाउंट पर डाली हैं। केदार जाधव ने जो फोटो डाली है उसमे वह कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, मनीष पांडेय, चहल और कुलदीप यादव के साथ नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही पीछे में पहली बार टीम में शामिल किए गए खलील अहमद भी नजर आ रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए केदार ने लिखा हैं कि "एशिया कप के लिए दुबई जाते हुए"।
खास अंदाज में दिखे खलील अहमद-
राजस्थान से आने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वह टीम के लिए बहुत बड़ा एसेट हैं क्योंकि वह देश में सबसे तेजी से उभरते हुए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और वह गेंदबाजी लाइन अप में विविधता लाते हैं। खलील ने भी ट्विटर पर तस्वीर शेयर की है जिसमे वह हेडफोन लगाए हुए देखे जा सकते हैं। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए लिखा है "यूएई के लिए रवाना"।
6 बार की एशिया कप विजेता है टीम इंडिया-
इंग्लैंड में ODI सीरीज में खेलने वाले सुरेश रैना, उमेश यादव और सिद्धार्थ कौल को इस इस एशिया कप टीम में जगह नहीं मिली है। 1984 में शुरू हुए एशिया कप में भारतीय टीम ने 6 बार खिताब अपने नाम किया है। इसमें पांच ODI और वेक T20 टूर्नामेंट है। भारतीय टीम ग्रुप 'ए' में है जहां पाकिस्तान और हॉन्ग-कॉन्ग दो और टीमें हैं। भारतीय टीम पहला मुकाबला हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ 18 सितम्बर को खेलेगी। अगले ही दिन भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।
टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), लोकेश राहुल, अंबाती रायडू, मनीष पांडे, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, शार्दूल ठाकुर और खलील अहमद।
Updated on:
14 Sep 2018, 8:16 AM IST
Published on:
14 Sep 2018, 8:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.