
नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने दूसरे वनडे में आस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat kohli Captaincy) की कप्तानी की आलोचना की है। भारत (India) इस समय आस्ट्रेलिया (Australia) दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है जिसके शुरुआती दो मैच हार कर वह सीरीज गंवा चुकी है। पहले मैच में आस्ट्रेलिया ने भारत (India vs Australia) को 66 रनों से हराया था जबकि दूसरे वनडे में 51 रनों से। गंभीर ने कहा कि उन्हें यह बात समझ में नहीं आई कि कोहली ने नई गेंद से जसप्रीत बुमराह (jasprit Bumrah) को सिर्फ दो ओवर क्यों दिए।
गंभीर ने एक स्पोर्ट्स वेबसाइट से बात करते हुए कहा, 'मैं ईमानदारी से कहूं तो मुझे कप्तानी समझ में नहीं आई। हम इस बारे में लगातार बात करते रहते हैं कि विकेट लेना कितना जरूरी है ताकि इस तरह के बल्लेबाजी क्रम को रोक सकें। तब आप अपने शीर्ष गेंदबाज को नई गेंद से सिर्फ दो ओव डलवाते हो। आमतौर पर वनडे में तीन स्पैल होते हैं, 4-3-3 ओवरों के।
उन्होंने कहा, लेकिन आप अपने शीर्ष गेंदबाज को नई गेंद से सिर्फ दो ओवर डलवाकर रोक देते हो तो, मैं इस तरह की कप्तानी समझ नहीं सकता। मैं इस कप्तानी को समझा भी नहीं सकता। यह टी-20 नहीं है। मैं इस फैसले को समझ नहीं सकता क्योंकि यह खराब कप्तानी है। गंभीर ने कहा कि अगर भारत को परेशानी हो रही है तो वह छठे गेंदबाज के तौर पर शिवम दुबे या वॉशिंगटन सुंदर को आजमा सकती हैं।
बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने कहा, वह सुंदर या दुबे में से किसी को मौका दे सकते हैं, या जो भी टीम में हैं वो अगला मैच खेल सकते हैं और देख सकते हैं कि वह वनडे में किस तरह के खिलाड़ी हैं। लेकिन अगर आपके पास कोई है नहीं तो यह चयन की खामियां हैं।
Published on:
30 Nov 2020, 10:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.