धवन के जाने के बाद लगा की भारत की जीत मुश्किल हो जाएगी, लेकिन कार्तिक ने 13 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से जुझारू पारी खेल मेहमान टीम को मैच में बनाए रखा। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 13 रनों की दरकार थी। स्टोनिस ने ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर क्रमश: पांड्या और कार्तिक को आउट कर भारत को जीत से महरूम कर दिया। इससे पहले, आस्ट्रेलिया के लिए ग्लैन मैक्सवेल ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। बारिश रुकने के बाद शुरू हुए मैच की पहली ही गेंद पर मैक्सवेल जसप्रीत बुमराह की गेंद पर कुलदीप यादव को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 24 गेंदों का सामना किया है और चार छक्के लगाए। शुरुआती ओवरों में डार्सी शॉर्ट (7) और कप्तान एरॉन फिंच (27) की जोड़ी ज्यादा तेजी से रन नहीं बना पाई। खलील अहमद ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर शॉर्ट को कुलदीपो के हाथों कैच करा मेजबान टीम को पहला झटका दिया।