
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स
Andrew Symonds death: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स का 46 साल की उम्र में शनिवार देर रात एक कार दुर्घटना में निधन हो गया। आईसीसी की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक साइमंड्स का उनके गृह राज्य क्वींसलैंड के टाउन्सविले के पास एक्सीडेंट हुआ है। क्वींसलैंड पुलिस के एक बयान में यह जानकारी दी।
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, रिटायर्ड ऑलराउंडर की मौत उत्तर क्वींसलैंड में टाउन्सविले से 50 किमी पश्चिम में हर्वे रेंज में हुई, जब उनका वाहन सड़क से नीचे लुढ़क गया। क्वींसलैंड पुलिस ने रविवार सुबह कहा, "आपातकालीन सेवाओं ने 46 वर्षीय सायमंड्स को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनका निधन हो गया।"
साइमंड्स के परिवार ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की और दोस्तों और प्रशंसकों को उनकी सहानुभूति और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। मार्च में थाईलैंड में छुट्टी के दौरान शेन वार्न को घातक दिल का दौरा पड़ने के कुछ ही हफ्तों बाद उनकी मौत ने खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट और तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने सायमंड्स के निधन पर शोक व्यक्त किया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर ने सायमंड्स को श्रद्धांजलि दी। नाइन नेटवर्क से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'वह गेंद को लंबा मारना और फैंस का मनोरंजन करना चाहता था। वह एक तरह से पुराने जमाने के क्रिकेटर थे।
इस वजह से विवादों में रहे -
साइमंड्स मंकीगेट विवाद दिनों तक चर्चा में रहे थे। इसके साथ-साथ साइमंड्स शराब की लत की वजह से भी वे विवादों में आये थे। टीम इंडिया साल 2007-08 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी। इस दौरे पर सिडनी में एक टेस्ट मैच खेला गया। इस मुकाबले के आखिरी दिन साइमंड्स और हरभजन के बीच बहस हो गई। साइमंड्स ने आरोप लगाया कि भज्जी ने उन पर नस्लीय टिप्पणी की है और उन्हें मंकी कहा।
साइमंड्स का करियर -
साइमंड्स ने अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच पाकिस्तान के खिलाफ 7 मई 2009 को खेला था। यह टी20 मुकाबला दुबई में खेला गया था। साइमंड्स अपनी शराब की लत की वजह से चर्चा में रहे। मीडिया आई खबरों की मानें तो शराब की लत की वजह से ही उन्हें टी20 से बाहर कर दिया गया था। आरोप था कि साइमंड्स ने शराब पीने से संबंधित नियम तोड़े हैं।
Updated on:
15 May 2022, 9:28 AM IST
Published on:
15 May 2022, 9:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.