
एशेज सीरीज के पांचवे और आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को बुरी तरह हरा कर सीरीज अपने नाम कर ली है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए एशेज सीरीज के पांचवें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को एक पारी व 123 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ आस्ट्रेलिया ने इस सीरीज को 4-0 से अपने नाम कर एशेज में अपना कब्ज़ा जमा लिया है।

इस सीरीज में लगातार हार का सामना कर रही इंग्लैंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पहली पारी में कप्तान जोए रूट (83) और डेविड मलान (62) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर इंग्लैंड ने 346 रनों का स्कोर खड़ा किया था।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट क्यूमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके थे। इंग्लैंड के 346 रनों के स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा 171 रनो की पारी खेली वहीं मार्श भाइयो ने भी शानदार शतक लगाए, शॉन मार्श (156) और मिशेल मार्श (101) की शतकीय पारियों के दम पर सात विकेट खोकर अपनी पहली पारी 649 रनों पर घोषित कर दी।

दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपने तेज गेंदबाजों पैट कमिंस और स्पिनर नाथन लॉयन की शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड की दूसरी पारी 180 रनों पर ही समेट दी और इंग्लैंड को एक पारी व 123 रनों से हराकर एशेज सीरीज 4-0 से अपने नाम की। कमिंस को इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

वहीं कप्तान स्टीव स्मिथ को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।स्मिथ ने 5 मैचों की इस टेस्ट सीरीज में 7 परियों में 687 रन बनाए है। इस कारनामे के साथ स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के लिए एशेज सीरीज में कप्तान के रूप में एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए है। आस्ट्रेलिया ने इस सीरीज को 2013-14 में अपने नाम किया था और अब एक बार फिर इंग्लैंड से इस सीरीज को छीनकर खिताबी जीत हासिल की है।